शाहजहांपुर में मार्च में जनवरी जैसा कोहरा, हाईवे पर धीमी पड़ी वाहनों की रफ्तार
Shahjahnpur News - मार्च महीने में शाहजहांपुर में घना कोहरा छा गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। सुबह आठ बजे तक दृश्यता कम रही और वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। कई स्थानों पर लोग दूर तक देख नहीं पा रहे थे। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक कोहरे और बादलों की स्थिति बनी रह सकती है।

मार्च के महीने में भी मौसम ने जनवरी जैसी सर्दी का अहसास करा दिया है। बुधवार सुबह शाहजहांपुर में घना कोहरा छा गया, जिससे शहर से लेकर देहात तक जनजीवन प्रभावित रहा। सुबह आठ बजे तक भी कोहरे की घनी चादर छाई रही और कई क्षेत्रों में दृश्यता काफी कम रही। कोहरे के कारण हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। चालक लाइट जलाकर सावधानी से वाहन चलाते नजर आए। कई स्थानों पर वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। जिले के मदनापुर, अल्लाहगंज, तिलहर, मिर्जापुर और जलालाबाद समेत कई इलाकों में सुबह से ही घना कोहरा बना रहा।
हाईवे पर चलने वाले बड़े वाहनों के साथ ही छोटे वाहन भी बेहद धीमी गति से चलते दिखे। कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।शहर में भी सुबह का समय कोहरे के आगोश में रहा। कई स्थानों पर लोगों को कुछ दूरी तक देख पाना भी मुश्किल हो रहा था। हालांकि सुबह आठ बजे के बाद धीरे-धीरे कोहरा हल्का पड़ने लगा, लेकिन आसमान में बादल छाए रहने के कारण धूप नहीं निकल सकी। मौसम में यह बदलाव सोमवार से ही देखने को मिल रहा है। सोमवार को भी दिनभर आसमान में बादल छाए रहे थे और धूप नहीं निकली थी। इसके कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई थी।मौसम के इस बदले मिजाज से जहां लोगों को मार्च में ही ठंड का एहसास हो रहा है, वहीं किसानों और राहगीरों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक बादलों और कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


