लिंटर पर छात्रों से डलवाया पानी, वीडियो सामने आने पर प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण
Shahjahnpur News - खुटार क्षेत्र के नवदिया नवाजपुर प्राथमिक विद्यालय में नाबालिग छात्रों द्वारा निर्माणाधीन कक्ष के लिंटर पर पानी डालने का मामला सामने आया। वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा और मामले की जांच के निर्देश दिए। अभिभावकों में आक्रोश है।

खुटार क्षेत्र के गांव नवदिया नवाजपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में नवनिर्माण कक्ष के लिंटर पर नाबालिग छात्रों से पानी डलवाने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद खंड शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण तलब किया है। मामले को गंभीर मानते हुए जांच के निर्देश दिए गए हैं। सोशल प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में चार नाबालिग छात्र स्कूल परिसर में निर्माणाधीन कक्ष के लिंटर पर बाल्टियों से पानी डालते नजर आ रहे हैं। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बच्चे बांस और पटरी से बनाई गई अस्थायी व खतरनाक सीढ़ी के सहारे ऊपर चढ़-उतर रहे हैं।
निर्माण स्थल पर किसी भी तरह के सुरक्षा इंतजाम नहीं थे, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रही। वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा। खुटार के खंड शिक्षा अधिकारी मृत्युंजय यादव ने प्रधानाध्यापक इफ्तिखार अहमद से स्पष्टीकरण मांगा है। शिक्षा विभाग ने इसे बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला माना है। वहीं, वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों में भी आक्रोश देखा जा रहा है। उनका कहना है कि बच्चों को पढ़ाई के समय इस तरह जोखिम भरे कार्य में लगाना लापरवाही की पराकाष्ठा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




