तीन माह से वेतन न मिलने पर एनएचएम संविदा कर्मियों में रोष, प्रदर्शन
शाहजहांपुर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा कर्मचारियों को मार्च, अप्रैल और मई का वेतन अभी तक नहीं मिला है, जिससे नाराजगी बढ़ रही है। कर्मचारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र वेतन भुगतान की मांग की। तीन महीने से वेतन न मिलने के कारण आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
शाहजहांपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) में कार्यरत संविदा कर्मचारियों का मार्च, अप्रैल और मई माह का वेतन अब तक न मिलने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बुधवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (संविदा) कर्मचारी संघ ने जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र वेतन भुगतान की मांग की। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि वेतन भुगतान को लेकर पूर्व में कई बार उच्चाधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है। इसके अलावा कर्मचारियों द्वारा सांकेतिक विरोध प्रदर्शन और पूर्ण कार्य बहिष्कार भी किया जा चुका है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
कर्मचारियों का कहना है कि लगातार तीन माह से वेतन न मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। संघ के जिला मंत्री ने बताया कि कर्मचारियों को केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं, जबकि वे नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द लंबित वेतन का भुगतान कराने की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


