
तिलक लगाने को लेकर दो पक्षों में विवाद, मुकदमा
Shahjahnpur News - पीड़ित परिवार पर मारपीट और जातिसूचक टिप्पणियों का आरोपकार्रवाई नहीं होने पर परिजन पहुंचे थे पुवायां सीओ कार्यालयपुवायां, संवाददाता। सिंधौली थाना क्षेत
पुवायां, संवाददाता। सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव नगरा बलेटू में तिलक लगाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। कार्रवाई न होने से नाराज पीड़ित मंगलवार को परिजनों के साथ क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंचा और लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई। सीओ के आदेश पर एससी-एसटी का मुकदमा दर्ज किया गया। नगरा बलेटू निवासी चेतराम पुत्र रामस्वरूप चाट का ठेला लगाकर परिवार चलाता है। चेतराम के मुताबिक सोमवार को उसके ठेले पर दूसरे समुदाय का एक युवक आया और तिलक लगाने का विरोध करते हुए जातिसूचक गालियां देने लगा। आपत्ति जताने पर युवक ने उससे मारपीट की।
मामला बढ़ने पर चेतराम अपनी मां फूलमती, पत्नी अनीता, सत्यवती, निर्मला समेत अन्य परिजनों के साथ आरोपी के घर शिकायत करने गया। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने भी गाली–गलौज करते हुए चेतराम और उसके परिवार को जातिसूचक टिप्पणियों का निशाना बनाया और मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित ने सिंधौली थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस द्वारा कार्रवाई न होने पर चेतराम परिजनों के साथ मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंचा। पीड़ित ने सीओ प्रवीण मलिक को शिकायती पत्र सौंपते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। उधर, क्षेत्राधिकारी प्रवीण मलिक ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं। सिंधौली कोतवाल रविंद्र सिंह ने बताया कि दूसरे पक्ष को भी चोट लगी है। मेडिकल कराया गया है। रिपोर्ट लिखी जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




