ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश शाहजहांपुर8 को भारी बरसात की संभावना, 5 डिग्री गिर सकता है तापमान

8 को भारी बरसात की संभावना, 5 डिग्री गिर सकता है तापमान

मौसम का मिजाज तो आजकल पल पल बदल रहा है। कभी धूप तो कभी बादल। कभी पुरवैया हवा तो कभी पछुआ। कभी बारिश तो कभी आसमान बिल्कुल साफ। अब फिर से मौसम पलटी मारने वाला है, ऐसा अनुमान मौसम विज्ञानी ने लगाया है।...

8 को भारी बरसात की संभावना, 5 डिग्री गिर सकता है तापमान
हिन्दुस्तान टीम,शाहजहांपुरMon, 06 Jan 2020 06:15 PM
ऐप पर पढ़ें

मौसम का मिजाज तो आजकल पल पल बदल रहा है। कभी धूप तो कभी बादल। कभी पुरवैया हवा तो कभी पछुआ। कभी बारिश तो कभी आसमान बिल्कुल साफ। अब फिर से मौसम पलटी मारने वाला है, ऐसा अनुमान मौसम विज्ञानी ने लगाया है। बताया है कि आठ जनवरी को भारी बरसात हो सकती है। इस कारण मौसम का अधिकतम तापमान 5 डिग्री तक लुढ़क सकता है, फिर शीतलहरी जैसा मौसम हो सकता है। 19 जनवरी को भी बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है।मौसम विज्ञानी डा. राजीव सिंह ने बताया कि हवा लगातार अपनी रुख बदल रही है। अभी दो दिन पहले तक पछुआ हवा चल रही थी, पर अब पुरवैया हवा चलेगी। ऐसे में बरसात का माहौल बनने की संभावना है। बताया कि पिछले कर्ई दिनों से आसमान पूरी तरह से साफ नहीं हो पा रहा है। बादल आ और जा रहे हैं। ऐसे में सात जनवरी से ही आसमान को बादल पूरी तरह से ढक सकते हैं।

सात जनवरी की देर रात से बरसात की शुरूआत हो सकती है। डा. राजीव सिंह ने बताया कि आठ जनवरी को अनुमान है कि दिन में करीब सात मिलीमीटर तक बरसात हो सकती है। रात में करीब 15 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। इस कारण अधिकतम तापमान में करीब पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। आठ जनवरी को अधिकतम तापमान 21 से 16 डिग्री सेल्सियस पर आ सकता है। न्यूनतम तापमान में कोई खास फर्क आठ जनवरी की रात तो नहीं पड़ेगा, लेकिन इसके आगे की रातों में गलन बढ़ेगी। डा. राजीव सिंह ने बतायाकि नौ जनवरी को संभावित तापमान अधिकतम 18 और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस हो सकता है। इसी तरह से दस जनवरी की रात में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस जा रहने का अनुमान है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें