Shahjahnpur News: चोरी के शक में 13 वर्षीय बालक को गेस्ट हाउस ले जाकर पीटा
Shahjahnpur News: शाहजहांपुर में 13 वर्षीय बालक को चोरी के संदेह में गेस्ट हाउस ले जाकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। पीड़ित के पिता ने रिपोर्ट दर्ज करायी है। आरोप है कि आरोपियों ने बालक की चोटों पर पेट्रोल और रंग लगाया। परिवार दहशत में है और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।

Shahjahnpur News: शाहजहांपुर,। कलान क्षेत्र में चोरी के शक में 13 वर्षीय बालक को गेस्ट हाउस ले जाकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। पीड़ित के पिता ने थाने में तहरीर देकर दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। मोहल्ला उल्फतनगर निवासी पवन कुमार गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 14 जुलाई को उनके 13 वर्षीय पुत्र हर्षित को सैम उर्फ डीजे वाला और कौशल निवासी कलान अपने साथ रुकनपुर स्थित भोला धाम गेस्ट हाउस ले गए। आरोप है कि वहां चोरी का शक जताते हुए दोनों ने केबिल और छड़ी से उसकी पिटाई की। इस दौरान गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। मारपीट में बालक के शरीर पर कई चोटें आई हैं। पीड़ित के पिता ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है。
चोट पर पेट्रोल और रंग लगाने का आरोप
शाहजहांपुर। पीड़ित पक्ष ने तहरीर में आरोप लगाया है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने बालक की चोटों पर पेट्रोल लगाया। इतना ही नहीं, चोट के निशान छिपाने के उद्देश्य से उन पर रंग भी लगाया गया। परिजनों का कहना है कि इससे बालक की तकलीफ और बढ़ गई। पुलिस का कहना है कि इन आरोपों की भी जांच की जा रही है।
बेटे के साथ मारपीट के बाद परिवार दहशत में
शाहजहांपुर। पीड़ित के पिता पवन कुमार गुप्ता का कहना है कि बेटे के साथ हुई मारपीट से परिवार दहशत में है। उन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि तीन दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं गुरुवार शाम तक मामले की जानकारी सीओ ज्योति यादव को नहीं थी।
-वर्जन-
मारपीट का मामला है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच में जो सामने आएगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
-ज्योति यादव, सीओ जलालाबाद।


