ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश शाहजहांपुरमंदिरों पर कब्जा कर सनातन धर्म को खत्म करना चाहती भाजपा : सतीश

मंदिरों पर कब्जा कर सनातन धर्म को खत्म करना चाहती भाजपा : सतीश

बसपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य सतीश चंद्र मिश्रा ने ब्राह्मणों पर अत्याचार पर भाजपा सरकार पर शब्दों के बाण...

बसपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य सतीश चंद्र मिश्रा ने ब्राह्मणों पर अत्याचार पर भाजपा सरकार पर शब्दों के बाण...
1/ 2बसपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य सतीश चंद्र मिश्रा ने ब्राह्मणों पर अत्याचार पर भाजपा सरकार पर शब्दों के बाण...
बसपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य सतीश चंद्र मिश्रा ने ब्राह्मणों पर अत्याचार पर भाजपा सरकार पर शब्दों के बाण...
2/ 2बसपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य सतीश चंद्र मिश्रा ने ब्राह्मणों पर अत्याचार पर भाजपा सरकार पर शब्दों के बाण...
हिन्दुस्तान टीम,शाहजहांपुरThu, 05 Aug 2021 03:31 AM
ऐप पर पढ़ें

बसपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य सतीश चंद्र मिश्रा ने ब्राह्मणों पर अत्याचार पर भाजपा सरकार पर शब्दों के बाण छोडे़। बोले- गुरु पूर्णिमा से यूपी के बड़े मंदिरों में सरकार ने अपने महंतों को बैठा दिया। मठों के महंतों ने छोटे मंदिरों पर भी कब्जा कर लिया। उन्होंने ब्राह्मणों के बीच कहा कि सावधान हो जाओ, वरना भाजपा धीरे-धीरे सनातन धर्म को ही खत्म कर देगी। अब इनका चेहरा पहचानना होगा। झूठे वायदे रोको और ठोको के झांसे में नहीं आना है।

गर्रा स्थित एक मैरिज लॉन में प्रबुद्ध सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि मिश्रा ने कहा कि सपा के लोगों की तरह भाजपा वाले भी ब्राह्मणों पर हमलावर हो गए। भाजपा का साढ़े चार साल का शासन नहीं कुशासन है। ब्राह्मणों की बहू, बेटियों पर अत्याचार किया गया। ब्राह्मणों का चुन-चुनकर शूट आउट हो रहा। सतीश मिश्रा ने ब्राह्मणों को एकजुटता का पाठ पढ़ाते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज का कर्तव्य है कि सत्ता की चाबी चाहिए तो भाईचारा जरूरी है। यदि ब्राह्मण समाज का सम्मान बरकरार रखना है तो दलित समाज के साथ भाईचारा बनाना होगा। क्योंकि दलित 23 प्रतिशत है और ब्राह्मण 16 प्रतिशत हैं। पिछड़ा और अल्पसंख्यक पहले से ही पार्टी से जुडे़ हैं। यदि सब इकट्ठा हो गए तो 2022 में हम फिर मायावती को पांचवीं बार यूपी का मुख्यमंत्री बनाने में कामयाब हो जाएंगे।

उन्होंने कहा कि अब सभी ब्राह्मणों को एक प्लेटफार्म पर आना होगा। कोई 20 बिसुवा का है कोई 15 बिसुवा का है, कोई सरयूपारीण है, कोई सनाढ्य में बटा है। इसे खत्म करना होगा। केवल अपनी पहचान ब्राह्मण के नाम से बनाए।

कार्यक्रम आयोजक नगर विधानसभा प्रभारी सर्वेश मिश्रा धांधू ने कहा कि समाज का सबसे प्रबुद्ध वर्ग ब्राह्मण अब भाजपा की सभी चालों को समझ लिया। साढ़े चार साल में जिन तरह ब्राह्मणों का अपमान किया गया। उस एक-एक अपमान का बदला ब्राह्मण समाज 2022 के चुनाव में लेगा। बांके बिहारी मिश्रा की अध्यक्षता व रामरक्ष पाल के संचालन में हुए कार्यक्रम में पूर्व मंत्री नकुल देव, अश्वनी पांडेय, अमरचंद्र जौहर, रामलड़ैते कनौजिया, रिजवान अली भोले मियां, राम कुमार मौर्या, चंद्रमोहन पांडेय, सत्यम मिश्रा, राकेश मिश्रा, रामकृपाल मिश्रा, रामकिशोर अवस्थी, डा. राहुल तिवारी, अनिल शुक्ला, जिलाध्यक्ष जदुवीर गौतम, वसीम इदरीसी, राशिद कुरैशी, ब्रह्मदेव शुक्ला आदि मौजूद रहे।

कांग्रेस को छोड़ा, भाजपा व सपा को निशाने पर लिया

-सतीश चंद्र मिश्रा ने पूरे भाषण में कांग्रेस का नाम तक नहीं लिया। सबसे ज्यादा भाजपा पर हमलावर नजर आएं। सपा को भी ब्राह्मण विरोधी करार दिया। बोले-सपा के शासन में भी ब्राह्मणों का उत्पीड़न हुआ। जब हम शून्य हो रहे थे तब 2007 में तब मायावती ने ब्राह्मणों के सम्मान के लिए पार्टी में मुझे आगे किया। ब्राह्मणों ने भी दलितों के साथ भाईचारा बना कर मायावती को पूरे बहुमत से मुख्यमंत्री बनाया। 2007 के चुनाव में मायावती ने ब्राह्मणों को अधिक टिकट देकर चुनाव में उतारा। नतीजतन, 45 ब्राह्मण जीत कर आए। उनमें से 15 को कैबिनेट मंत्री बनाया। 35 को चेयरमैन, डिप्टी चेयरमैन व 15 ब्राह्मणों को एमएलसी बनाकर व पांच हजार अधिवक्ताओं को सरकारी वकील बनाकर ब्राह्मणों का सम्मान किया। इसके विपरीत भाजपा ने क्या किया?

राम मंदिर के लिए वसूला चंदा कहां गया? पूछ रहे ब्राह्मण

-बसपा नेता ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इन्होंने अयोध्या में मंदिर बनाने के लिए लाखों करोड़ रुपये चंदा वसूला, जिसका कहीं कोई हिसाब नहीं है। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद फिर एक बार भाजपा ने घर-घर से चंदा वसूल कर दस हजार करोड़ रुपये वसूल किया। यह रुपया कहां है? जब ब्राह्मण यह सवाल पूछता है? तो भाजपा को परेशानी होती है। उन्होंने कहा पिछले दिनों मैं भी अयोध्या में दर्शन करने गया तो भाजपा को परेशानी हो गई।

हाथरस कांड पर सरकार को घेरा

प्रबुद्ध सम्मेलन में सतीश मिश्रा ने हाथरस कांड को खूब उछाला। कहा, हाथरस में दलित बेटी की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। शव को रात में जला दिया गया। परिवार वालों को बेटी के अंतिम दर्शन तक नहीं कर दिए गए। सरकार हाथरस कांड के आरोपियों को बचाने में लगी है।

किसानों पर जबरन लाद रहे कृषि कानून

-सतीश मिश्रा ने कहा कि केंद्र की सरकार जबरन किसानों पर कृषि कानून लाद रही है। किसान अपनी जमीन को बचाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं। किसान कृषि कानून को स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं। सरकार की मंशा ठीक नहीं है। पूंजीपतियों को किसानों की जमीन देना चाहती है। तमाम सरकारी सेक्टर कुछ पूंजी पतियों के हवाले कर दिए।

नौकरी नहीं दे पा रहीं भाजपा, हर दो मिनट पर रेप हो रहे

-सतीश ने कहा कि प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। हर दो मिनट में एक महिला के साथ रेप हो रहा है। कानून व्यवस्था के हालात खराब हैं। सरकार नौकरी दे नहीं रही। बल्कि उल्टा ले रही है। निजीकरण होने से नौकरियां खत्म हो रही हैं। दो करोड़ नौकरी देने का सरकार का वादा झूठा निकाला। सतीश ने सरकार की नीतियों की तुलना ईस्ट इंडिया कंपनी से कर दी।

अयोध्या में ढ़ेले भर का काम नहीं हुआ

- प्रबुद्ध सम्मेलन में सतीश मिश्रा ने कहा कि अयोध्या को बीजेपी सरकार ने बदहाल कर दिया। अयोध्या में विकास के नाम पर सिर्फ रकम का बंदरबांट हुआ है। श्रीराम सिर्फ बीजेपी वालों के नहीं हैं। मिश्रा ने कहा कि हम पिछले महीने अयोध्या गए तो बीजेपी वालों ने सवाल उठाए। पूजा पाठ को ब्राह्मणों के संस्कार का हिस्सा बताया। बोले-अयोध्या में ढ़ेले भर का काम नहीं हुआ। बाहर से आने वाले लोगों को बसपा शासनकाल में बने घाटों को दिखाया जाता है।

शंखनाद-घंटे के बीच हुआ मंत्रोच्चारण

-बसपा के नगर विधानसभा प्रभारी सर्वेश चंद्र मिश्रा धांधू ने आयोजन के लिए खूब तैयारी की थी। शंखनाद और घंटे बजाकर समारोह का शुभारंभ हुआ। मंत्रोच्चारण भी किया गया। सम्मेलन में सतीश मिश्रा को नगर विधानसभा प्रभारी सर्वेश मिश्रा ने चांदी का फरसा और चाणक्य का चित्र भेंट किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें