अभिनय की दुनिया में शाहजहांपुर के आलोक मचा रहे धमाल, बरेली में कर रहे वेब सीरीज की शूटिंग
Shahjahnpur News - राजपाल के बाद शाहजहांपुर के आलोक पांडे ने अभिनय की दुनिया में कदम रखा है। वेब सीरीज 'बिंदिया के बाहुबली' में बब्बल बन्ना का किरदार निभा रहे आलोक ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। आलोक ने पहले भी कई चर्चित फिल्मों में काम किया है, जिनमें एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी शामिल है।

मशहूर एक्टर राजपाल यादव के बाद शाहजहांपुर का एक और बेटा अभिनय की दुनिया में धमाल मचा रहा है। ददऊ गांव के आलोक पांडे प्रेम रतन धन पायो, पीके, एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी जैसी फिल्मों के बाद वेब सीरीज में भी एक्टिंग की छाप छोड़ रहे हैं। इन दिनों आलोक बरेली में एक वेब सीरीज की शूटिंग कर रहे हैं।
अमेजन मैक्स प्लेयर पर रिलीज हुई वेब सीरीज 'बिंदिया के बाहुबली' में आलोक पांडे ने बब्बल बन्ना का किरदार निभाया है। एक ऐसा सनकी, पागल मिजाज का व्यक्ति जो बात-बात पर गोली चला देता है, किसी से डरता नहीं और जिसके ख्वाब में सिर्फ एक ही चीज है बाहुबली बनना। राज अमित कुमार निर्देशित 'बिंदिया के बाहुबली' वेब सीरीज में बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार सौरभ शुक्ला, रणवीर शौरी, गोविंद नामदेव और सीमा विश्वास जैसे नामी कलाकार हैं। सोशल मीडिया पर बब्बल बन्ना के संवाद और एक्शन सीन खूब शेयर किए जा रहे हैं। कई दर्शकों ने कमेंट में लिखा है कि आलोक पांडे ने इस रोल को बखूबी निभाया है और उनका नेगेटिव शेड बेहद दमदार लगा। समीक्षक भी उनके अभिनय की तारीफ कर रहे हैं।
शाहजहांपुर से मुंबई तक का तय किया सफर
आलोक पांडे तहसील सदर के सेहरामऊ दक्षिणी ब्लॉक के गांव ददऊ के रहने वाले हैं। शिव राम पांडे और राजकांति पांडे के बेटे आलोक ने स्थानीय मंचों से अभिनय की शुरुआत की। अपने दमदार अभिनय के बूते उन्होंने मुंबई का सफर तय किया। आलोक को बड़े पर्दे पर पहचान मिली फिल्म एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी में निभाए गए ‘चिंटू’ के किरदार से। इस फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत के साथ उनकी एक्टिंग को दर्शकों ने खूब सराहा।
फिल्मों में आलोक ने छोड़ी गहरी छाप
आलोक पांडे अब तक कई चर्चित फिल्मों में नजर आ चुके हैं। इनमें मुंबई मेरी जान, बाटला हाउस, एमएस धोनी, हुड़दंग, प्रेम रतन धन पायो, पीके और सनम तेरी कसम जैसी हिट फिल्में शामिल हैं। आलोक हर बार अपने किरदार में इस तरह ढल जाते हैं कि दर्शक उन्हें लंबे समय तक याद रखते हैं। आलोक ने यह साबित किया है कि वे हर तरह के किरदार में जान डाल सकते हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



