Shahjahnpur News: सर्पदंश से महिला मरी, झाड़-फूंक में बिगड़ी थी हालत
Shahjahnpur News: सुनारा बुजुर्ग गांव में 28 वर्षीय सोनी देवी की सांप के काटने से मौत हो गई। बर्तन धोते समय सांप ने उनके हाथ में काटा। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। आरोप है कि अस्पताल पहुंचाने में देरी हुई और झाड़-फूंक कराई गई। सोनी के दो छोटे बच्चे मां से वंचित हो गए।

Shahjahnpur News: गांव सुनारा बुजुर्ग में सर्पदंश से 28 वर्षीय सोनी देवी की मौत हो गई। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। उसके दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। परिजनों के अनुसार, सोनी देवी बुधवार दोपहर खाना बनाने के बाद बर्तन धो रही थी। बर्तन रखने के दौरान उसके हाथ में सांप ने काट लिया। शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और सपेरे को बुलाकर सांप पकड़वाया। इसके बाद सोनी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। आरोप है कि परिजन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने में लग गए।
हालत अधिक बिगड़ने पर उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सोनी के पति सुमित और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उसकी मौत से पांच वर्षीय पुत्र अंश कुशवाहा और सात वर्षीय बेटी वैष्णवी मां के स्नेह से वंचित हो गए।


