शाहजहांपुर में योगी सरकार की बड़ी कार्रवाई, 300 बीघा पर बसा 74 साल पुराना अवैध कब्जा हटा

Pawan Kumar Sharma भाषा, शाहजहांपुर
share

शाहजहांपुर प्रशासन ने पिछले 74 वर्षों से वन विभाग की 300 बीघा जमीन पर किसानों द्वारा किए गए कब्जे को हटवा दिया है। इस दौरान जमीन जोतवाकर उस पर खड़ी उनकी फसल को भी नष्ट कर दिया गया। साल 1952 में खुटार थाना क्षेत्र स्थित जंगल की जमीन पर कब्जा शुरू किया गया था।

शाहजहांपुर में योगी सरकार की बड़ी कार्रवाई, 300 बीघा पर बसा 74 साल पुराना अवैध कब्जा हटा

शाहजहांपुर जिले में प्रशासन ने पिछले 74 वर्षों से वन विभाग की 300 बीघा जमीन पर किसानों द्वारा किए गए कब्जे को हटवा दिया है। इस दौरान जमीन जोतवाकर उस पर खड़ी उनकी फसल को भी नष्ट कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बुधवार को बताया कि साल 1952 में खुटार थाना क्षेत्र स्थित जंगल की जमीन पर कब्जा शुरू किया गया था। धीरे-धीरे वन विभाग की करीब 300 बीघा जमीन पर कब्जा कर लिया गया और उसमें खेत बनाकर फसल उगानी शुरू कर दी गयी थी।

एसपी ने बताया कि कई बार वन विभाग ने कब्जे को हटाने का प्रयास किया लेकिन वह सफल नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि इसके बाद वन अधिकारियों ने पुलिस से इस जमीन को कब्जा मुक्त करने के लिए अनुरोध किया था। इस शिकायत पर पुलिस क्षेत्राधिकारी (पुवायां) प्रवीण मलिक के नेतृत्व में एक टीम बनाई गयी, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों को भी शामिल किया गया। उन्होंने बताया कि इस टीम की देखरेख में जंगल की भूमि पर अवैध कब्जे को मंगलवार को हटाते हुए फसल को जोतवाकर नष्ट कर दिया गया।

Voice of UP

राजेश द्विवेदी के मुताबिक इस दौरान प्रशासन को किसानों के विरोध का सामना भी करना पड़ा, हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया। बता दें कि 10 नवंबर को जलालाबाद क्षेत्र के रोली बोली गांव में भी 13 बीघा जमीन पर बने लगभग 30 मकानों को अवैध बताकर पुलिस प्रशासन ने तोड़ दिया था। वहां भी प्रशासन को विरोध का सामना करना पड़ा था।

विरोध के बीच कब्जामुक्त कराई गई सरकारी भूमि

उधर, मेरठ जिले के सरधना में तहसील टीम ने मंगलवार को एसडीएम के आदेश पर तहसील क्षेत्र की कई सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया। ईकड़ी, खिवाई, भलसोना आदि गांव में कार्रवाई हुई। कई जगह टीम को विरोध भी झेलना पड़ा।

बता दें,कि एसडीएम उदित नारायण सेंगर के पास सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों की लगातार शिकायतें आ रही थी। उन्होंने इसको गंभीरता से संज्ञान लिया और राजस्व विभाग की एक टीम गठित कर भूमि से कब्जा हटवाने के लिए भेज दी। मंगलवार को टीम ने गांव ईकड़ी में पदम सिंह आदि के प्रकरण में विवादित भूमि को कुर्क किया। वहीं, कस्बा खिवाई में सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटवाया। इसके अलावा गांव भलसोना में रास्ते पर हुए अवैध कब्जे को भी मुक्त कराया गया।

राजस्व निरीक्षक समर सिंह ने बताया कि खिवाई में सरकारी भूमि पर अवैध रूप से खड़ी फसल को ट्रैक्टर से जोतकर कब्जा हटाया गया। इस दौरान विरोध भी हुआ, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के चलते कार्रवाई सफल रही। इस कार्रवाई में राजस्व निरीक्षक समर सिंह के साथ लेखपाल अनुज कुमार व निशा भी शामिल रहीं। उधर, एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने बताया कि ये अभियान आगे भी जारी रहेगा। सरकारी भूमि पर कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।