
वाराणसी में 24 घंटे के अंदर दूसरी हत्या, कालोनाइजर के बाद सनबीम के टीचर का मर्डर, हत्यारा भी गिरफ्तार
संक्षेप: वाराणसी में 24 घंटे के अंदर दूसरी हत्या हो गई है। गुरुवार की सुबह दिनदहाड़े कालोनाइजर की हत्या के बाद यहां के सबसे बड़े स्कूल समूह सनबीम के टीचर का मर्डर कर दिया गया है। हालांकि टीचर की हत्या में पुलिस ने तीन घंटे के अंदर ही एक्शन लेते हुए हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
वाराणसी में 24 घंटे के अंदर ही दूसरी हत्या हो गई है। गुरुवार की सुबह सारनाथ इलाके में कालोनाइज की हत्या के बाद केदारनगर कॉलोनी (भेलूपुर) में वाराणसी के फेमस स्कूल समूह सनबीम के टीचर का मर्डर कर दिया गया है। वारदात को टीचर के मातृ छाया अपार्टमेंट में घुसकर मारा गया। पुलिस ने टीचर की हत्या में मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी बिहार के एक विश्वविद्यालय के वीसी का बेटा है। हत्या के पीछे अपार्टमेंट में पार्किंग की रंजिश को कारण बताया जा रहा है।

डीसीपी क्राइम सरवणन टी और एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार पुलिस लाइन के सभागार में शुक्रवार को बताया कि अपार्टमेंट में तीसरी मंजिल पर शिक्षक 54 वर्षीय प्रवीण कुमार झा अपनी पत्नी के साथ रहते थे। उनके दो बेटों में एक आदित्य बेंगलुरू में नौकरी करता है, जबकि एक उदित देहरादून से एमबीए की पढ़ाई कर रहा है। दूसरे तल पर आरोपी आदर्श कुमार सिंह रहता था। बेसमेंट में चार पहिया वाहनों की पार्किंग के को लेकर टीचर से आदर्श की पिछले दो सालों से अक्सर कहासुनी हो जाती थी।
गुरुवार शाम में भी कहासुनी हुई थी। इसके बाद आदर्श ने चंदौली के एकौनी में रहने वाले बलिया के मनियर निवासी अपने दोस्त करन गौड़ को शाम साढ़े सात बजे फोन कर हमले के लिए बुलाया। करन अपने साथ अलीनगर के सिंहीताली निवासी सतीश पटेल को लेकर आया। रात में बेसमेंट में ही आदर्श ने टीचर प्रवीण झा से विवाद कर लिया और अपने दोस्तों के साथ रॉड तथा ईंट से हमला कर दिया। टीचर को बीएचयू ट्रामा सेंटर में मृत घोषित कर दिया गया।
वारदात की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की और आरोपी आदर्श को समेत तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। आदर्श कृषि उपकरण सप्लाई करने वाली एक कंपनी में मुख्य मार्केटिंग ऑफिसर पद पर तैनात है। उसके पिता डॉ. दुनिया राम सिंह बिहार के एक विश्वविद्यालय में कुलपति हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में भेलूपुर थाना प्रभारी निरीक्षक सुधीर त्रिपाठी, एसएसआई घनश्याम मिश्रा, एसओजी प्रभारी गौरव सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी थे।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



