काम की बात: स्कूटी के साथ छात्राओं को हेलमेट, एसेसरीज और पेट्रोल भी देगी योगी सरकार, ऐसे होगा चयन

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

Scooty Scheme: योगी कैबिनेट ने मंगलवार को छात्राओं के लिए स्कूटी योजना को मंजूरी दे दी। इस साल 50 हजार छात्राओं को स्कूटी बांटी जाएगी। पिछले साल ग्रेजुएशन करने वाली छात्राओं में से चयन किया जाएगा।

scooty scheme
स्कूटी योजना

Scooty Scheme: यूपी की योगी सरकार ने मंगलवार को अपनी महत्वाकांक्षी रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को मंजूरी दे दी। कैबिनेट की बैठक में लाए गए 18 प्रस्तावों के साथ ही स्नातक पास करने वाली छात्राओं को स्कूटी के प्रस्ताव को हरी झंडी मिल गई है। इस साल प्रदेश की 50 हजार छात्राओं को स्कूटी देने का लक्ष्य रखा गया है। इसकी खरीद के लिए तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। माना जा रहा है कि अगले महीने से इनका वितरण शुरू कर दिया जाएगा। स्कूटी के साथ ही आईएसआई मार्का वाला हेलमेट, सभी एसेसरीज और चार लीटर पेट्रोल भी सरकार अपनी तरफ से देगी। पिछले बजट में ही स्कूटी के लिए करीब 400 करोड़ रुपए का आवंटन कर दिया गया था।

किन छात्राओं को मिलेगी स्कूटी

योगी कैबिनेट की बैठक के बाद प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने स्कूटी योजना के बारे में विस्तार से बताया। मंत्री के अनुसार योजना के अंतर्गत सरकारी विश्वविद्यलयों, निजी विश्वविद्यालयों, इन विश्वविद्यलयों से जुड़े कॉलेज, एडेड कॉलेज, स्ववित्त पोषित कॉलेज सभी को रखा गया है। इन संस्थान से पिछले साल यानी 2025-26 में ग्रेजुएशन करने वाली टॉप पांच प्रतिशत छात्राओं को स्कूटी मिलेगी। छात्राओं को यूपी का निवासी होना भी जरूरी किया गया है।

रजिस्ट्रेशन और बीमा भी सरकार कराकर देगी

मंत्री ने बताया कि सरकार की तरफ से स्कूटी के साथ ही आईएसआई मार्का वाला हेलमेट, एसेसरीज, पांच लीटर पेट्रोल के साथ ही आरटीओ में रजिस्ट्रेशन और बीमा भी सरकार ही कराकर देगी। यानी स्कूटी हासिल करने वाली किसी छात्रा को कोई खर्च नहीं करना होगा।

12 लाख तक होनी चाहिए परिवार की वार्षिक आय

मंत्री के अनुसार स्कूटी ऐसी छात्राओं को ही दिया जाएगा जिनकी पारिवारिक आय 12 लाख रुपए तक होगी। केवल निराश्रित, दिव्यांग और शहीद परिवारों की बेटियों की मेरिट नहीं देखी जाएगी। उन्हें प्राथमिकता के आधार पर स्कूटी दी जाएगी।

पेट्रोल वाली स्कूटी ही क्यों

आज जब सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा और रियायतें दे रही है, ऐसे में छात्राओं को क्यों पेट्रोल स्कूटी दी जा रही है। इसका कारण भी मंत्री ने बताया है। मंत्री ने कहा कि काफी संख्या में छात्राएं दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से पढ़ने आती हैं। हर जगह पर अभी इलेक्ट्रिक वाहनों का सर्विस सेंटर नहीं है। इसके साथ ही चार्जिंग सेंटर भी उस अनुपात में अभी नहीं हैं। जबकि पेट्रोल हर जगह मिल जाता है। ऐसे में छात्राओं की सुविधा को देखते हुए पेट्रोल स्कूटी देने का फैसला किया गया है।

छात्राओं को स्कूटी के पीछे क्या है मंशा

उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण और उच्च शिक्षा में होनहार बेटियों के ड्रापआउट दरों को कम करने के लिए सरकार इस योजना को लेकर आई है। इससे होनहार बेटियां उच्च शिक्षा हासिल करने की ओर अग्रसित होंगी। उच्च शिक्षा संस्थानों तक उनकी पहुंच भी आसान हो सकेगी। मंत्री ने बताया कि जेम पोर्टल से जल्द ही स्कूटी की कंपनी का चयन कर लिया जाएगा। चयन होते ही इसके वितरण की तारीख का भी ऐलान कर दिया जाएगा।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsस्कूटी के साथ छात्राओं को हेलमेट, एसेसरीज और पेट्रोल भी देगी योगी सरकार, ऐसे चयन