
छठ पूजा पर कल यूपी के इस जिले में भी बच्चों की छुट्टी, स्कूल बंद का आदेश जारी
प्रयागराज में छठ पूजा के मद्देनजर डीएम कक्षा एक से 12 तक के सभी बोर्ड के स्कूल 28 अक्टूबर को बंद रहेंगे। लखनऊ, गोरखपुर सहित कई जिलों में पहले ही स्थानीय अवकाश घोषित किया जा चुका है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में इस समय छठ पूजा की धूम है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में छठ पूजा बड़े धूमधाम से मनाई जा रही है। ऐसे में छठ पूजा पर 28 अक्टूबर को यूपी के प्रयागराज में भी 12 वीं तक के स्कूल बंद रहेंगे। डीएम ने इसकी घोषणा कर दी है। इसके पहले लखनऊ, गोरखपुर सहित कई जिलों में पहले ही स्थानीय अवकाश घोषित किया जा चुका है।

सोमवार को प्रयागराज के जिला विद्यालय निरीक्षक पीएन सिंह के कार्यालय से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार छठ पूजा के मद्देनजर डीएम द्वारा दिए गए आदेश के तहत प्रयागराज में कक्षा एक से 12 तक के सभी बोर्डों (परिषदीय, यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई, संस्कृत माध्यमिक विद्यालय) के सभी स्कूल 28 अक्टूबर को बंद रहेंगे।
बता दें कि इसके पहले लखनऊ के डीएम ने भी इस संबंध में आदेश जारी किया था। आदेश के अनुसार 28 अक्टूबर को सभी सरकारी, अर्ध सरकारी कार्यालय, स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। वहीं गोरखपुर में प्रशासन ने स्थानीय अवकाश की तारीख में बदलाव करते हुए नया आदेश जारी किया था। पहले 29 अक्टूबर को अवकाश घोषित किया गया था लेकिन फिर डीएम दीपक मीणा ने नया आदेश जारी करते हुए बताया कि जिले में 29 अक्टूबर की बजाए 28 अक्टूबर को स्थानीय अवकाश रहेगा। पहले जारी आदेश में 29 अक्टूबर को अवकाश घोषित किया गया था जिस अब निरस्त कर दिया गया है। सूर्योदय की पूजा की महत्ता को देखते हुए उन्होंने 29 अक्टूबर के अवकाश को निरस्त कर एक दिन पहले 28 अक्टूबर को स्थानीय अवकाश के लिए आदेश जारी किया गया है।
आज अस्ताचलगामी सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य
छठ महापर्व के तीसरे दिन षष्ठी तिथि यानी सोमवार के दिन चन्द्रमा धनु राशि में रहेंगे। सुबह 7.27 बजे से सुकर्मा योग और दोपहर 1.27 बजे से रवि योग लग जायेगा। जो 28 अक्टूबर को दोपहर 3.45 बजे तक रहेगा। लखनऊ में ज्योतिषाचार्य एसएस नागपाल ने बताया कि 27 अक्टूबर को छठ पूजन के दिन सूर्योदय सुबह 6.13 होगा। सूर्यास्त शाम 5.27 बजे होगा। इसी समय पर महिलाएं अर्घ्य देंगी। 28 अक्टूबर मंगलवार को सूर्योदय सुबह 6.13 बजे होगा। इस समय व्रती उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देंगी।





