
यूपी में स्कूल की छुट्टी बढ़ी, कड़ाके की ठंड के चलते अब इन जिलों के डीएम ने जारी किए आदेश
हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बीच एक बार फिर स्कूलों की छुट्टियां बढ़ गई हैं। प्रयागराज, लखीमपुर खीरी के बाद वाराणसी सहित कई अन्य जिलों के डीएम ने भीषण सर्दी के मद्देनजर स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। कुछ जिलों में 12 वीं तो कुछ में आठवीं तक के स्कूलों को बंद किया गया है।
UP Schools Closed: उत्तर प्रदेश में हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बीच एक बार फिर स्कूलों की छुट्टियां बढ़ गई हैं। प्रयागराज, लखीमपुर खीरी के बाद वाराणसी (बनारस) सहित कई अन्य जिलों के जिलाधिकारियों ने भीषण सर्दी के मद्देनजर स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। कुछ जिलों में 12 वीं तो कुछ में आठवीं तक के स्कूलों को बंद किया गया है। वाराणसी में कक्षा आठ तक के स्कूलों की छुट्टियां नौ जनवरी तक बढ़ा दी गई हैं। वहीं, बदायूं में सभी बोर्डों के सभी माध्यमिक विद्यालयों को आठ से 10 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया गया है। अलीगढ़ में भी नर्सरी से कक्षा आठ तक के स्कूलों में 10 जनवरी तक के लिए अवकाश घोषित किया गया है। बस्ती में भी आठवीं तक के स्कूल दस जनवरी तक बंद रहेंगे। सीतापुर में भी प्री-प्राइमरी से कक्षा आठ तक सभी बोर्ड से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में आठ जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है। शाहजहांपुर में भी 12 वीं तक के स्कूल 14 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं।
बदायूं में डीएम के निर्देश के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी माध्यमिक विद्यालयों में आठ से 10 जनवरी तक बच्चों के लिए तो अवकाश रहेगा लेकिन जिन शिक्षकों की ड्यूटी बीएलओ के काम में लगाई गई है वे अपना काम पूरा करने के लिए ड्यूटी पर रहेंगे। जिन स्कूलों में बूथ बने हैं वे भी खुलेंगे। वाराणसी में डीएम के आदेश के बाद कक्षा आठ तक के स्कूलों में नौ जनवरी तक के लिए छुट्टी बढ़ा दी गई है। बीएसए अनुराग श्रीवास्तव द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार यह आदेश सभी बोर्डों के स्कूलों के लिए मान्य होगा। इस दौरान शिक्षक और कर्मचारी अपने समय से स्कूल पहुंचेंगे। बीएसए ने बताया कि यह आदेश जिले के सभी राजकीय, परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ ही सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य सभी बोर्डों से संचालिल स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा। इन तारीखों में विद्यार्थियों के लिए शिक्षण कार्य पूरी तरह स्थगित रहेगा।
अलीगढ़ जिले में नर्सरी से लेकर कक्षा आठ तक के स्कूलों में 10 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में मंगलवार को इंडियन एजुकेशन एसोसिएशन ने एक ज्ञापन भी दिया था। अलीगढ़ में एक हफ्ते से शीतलहर, कोहरे और भीषण ठंड का प्रकोप बना हुआ है। डीएम ने सभी बोर्डों के सभी स्कूलों में कक्षा आठ तक की कक्षाओं में 10 जनवरी तक के लिए अवकाश घोषित कर दिया है। आदेश में कहा गया है कि इस अवधि में कोई स्कूल खुलता है तो फिर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बस्ती में भी शीतलहर और कड़ाके की ठंड को देखते हुए डीएम के आदेश पर आठवीं तक सभी स्कूलों को 10 जनवरी तक के लिए बंद कर दिया गया है। बता दें कि बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में 31 दिसम्बर से 14 जनवरी तक शीतावकाश चल रहा है। डीएम के निर्देश पर बीएसए ने कार्यालय आदेश जारी करते हुए कहा है कि यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई से मान्यता प्राप्त् स्कूलों में भी कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है।
उधर, सीतापुर में भी शीतलहर और घने कोहरे को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने प्री-प्राइमरी से कक्षा आठ तक संचालित समस्त परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और सभी बोर्ड से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में आठ जनवरी तक अवकाश घोषित किया है। कक्षा नौ से कक्षा 12 तक की कक्षाएं सुबह 10 बजे से अपरान्ह तीन बजे तक संचालित की जाएंगी।
कस्तूरबा स्कूल भी 12 तक बंद रहेंगे
महाराजगंज में भीषण शीतलहर और ठंड को देखते हुए डीएम संतोष कुमार शर्मा ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों को भी 12 जनवरी तक के लिए बंद करने का आदेश दिया है। वहीं परिषदीय विद्यालयों में 31 दिसम्बर से 14 जनवरी तक शीतावकाश चल रहा है। स्कूलों की बंदी के दौरान कार्यरत चौकीदार, अनुचर और पीआरडी जवान यथावत अपनी-अपनी ड्यूटी करते रहेंगे। वार्डेन अवकाश के दौरान भी अपने विद्यालयों पर समन्वय बनाते हुए नजर रखेंगी।
शाहजहांपुर में भी 12 वीं तक के स्कूल बंद
शाहजहांपुर में भी 12 वीं तक स्कूलों को 14 जनवरी तक के लिए बंद कर दिया गया है। यह आदेश कस्तूरबा समेत सभी प्रकार के स्कूलों पर होगा लागू। इस दौरान दसवीं और बारहवीं की प्री बोर्ड परीक्षाएं होती रहेंगी। अगर प्रैक्टिकल भी हो रहे हैं तो वह भी प्रबंधन करा सकता है। किसी तरह की कक्षाएं नहीं चलेंगी। डीएम के निर्देश पर डीआईओएस ने आदेश जारी कर दिया है।
इन जिलों में पहले ही हुई थी घोषणा
लखीमपुर में 14 जनवरी तक 12 तक के स्कूलों को बंद करने का निर्देश पहले ही जारी किया गया था। इसी तरह बदायूं में आठवीं तक के स्कूल 14 जनवरी तक पहले से बंद हैं। अब माध्यमिक स्कूलों को आठ से 10 जनवरी तक बंद किया गया है। प्रयागराज में 15 जनवरी तक आठवीं तक के स्कूल बंद हैं।





