
मुझे बचा लो यह लोग..., कॉलेज के लिए निकली छात्रा का अपहरण, अयोध्या से काशी तक पीछे लगी पुलिस
अयोध्या में घर से कॉलेज के लिए निकली छात्रा का अपहरण हो गया है। अपहर्ताओं के चंगुल से ही छात्रा ने मां को फोन कर बचाने की गुहार लगाई। मां की शिकायत पर पुलिस अयोध्या से काशी तक अपहर्ताओं के पीछे लग गई है।
राम नगरी अयोध्या में कॉलेज के लिए घर से निकली छात्रा का अपहरण कर काशी ले जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छात्रा ने फोन पर किसी तरह रोते हुए कहा“मुझे बचा लो यह लोग जबरदस्ती कर रहे हैं। मुझे छोड़ नहीं रहे हैं।’ अपहर्ता ने भी छात्रा के परिवार को धमकी भरे लहजे में कहा जिसको आना हो बनारस आ जाओ जान से खत्म कर दूंगा। डरी सहमी मां ने थाने में शिकायत की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अयोध्या से काशी तक अपहर्ता की तलाश में टीम लगा दी है। मोबाइल नंबर के आधार पर पड़ताल हो रही है।
हैदरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की पीड़ित की माता ने थाने पर तहरीर देकर यह आरोप लगाया कि उसकी पुत्री 27 दिसंबर को घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी। देर शाम तक जब वापस नहीं आई तो उसकी खोजबीन शुरू कर दी। दूसरे दिन भी रिश्तेदारियों में खोजा गया परंतु कुछ जानकारी नहीं मिली। 29 दिसंबर को मेरे मोबाइल नंबर पर मेरी बेटी ने रोते हुए कहा मुझे सुभाष जबरदस्ती उठा लाए हैं बनारस और मेरे मना करने पर भी नहीं छोड़ रहे हैं। मुझे बचा लो यह कहते हुए फोन कट गया।
इसके बाद परिवार के लोगों ने उसी नंबर पर फोन किया तो फोन सुभाष ने उठाया और कहा जिसको आना हो बनारस आ जाओ देखता हूं क्या कर लोगे। कहते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा और फोन काट दिया। तब से इस नंबर पर फोन नहीं लग रहा। परिवार पूरी तरह भयभीत है।
पीड़िता की मां ने किसी अनहोनी घटना को रोकने के लिए थाने पर लिखित तहरीर दी है। घटना के संबंध में थाना अध्यक्ष हैदरगंज विवेक राय ने बताया कि लापता पुत्री की मां की तहरीर पर थाने पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दरोगा शिव आशीष भारती के नेतृत्व में कार्यवाही के लिए टीम लगा दिया गया है। शीघ्र घटना का अनावरण कर दिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



