
ससुर बनाता था संबंध, दूसरी शादी करने पहुंची पत्नी को पति ने पीटा, महिला ने भी दिया जवाब
शाहजहांपुर जिले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में पति और पत्नी कोर्ट के सामने मारपीट करते नजर आ रहे हैं। महिला दूसरी शादी करने के लिए कोर्ट पहुंची थी।
यूपी के शाहजहांपुर में उस समय खासा हंगामा हो गया जब कोर्ट के सामने पति-पत्नी मारपीट करने लगे। दोनों ने एक-दूसरे को लात घूसों से पीट डाला। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। दरअसल एक शादीशुदा महिला अपने वकील के माध्यम से दूसरी शादी करने कोर्ट पहुंची थी। पति को जब इसकी भनक लगी तो वह भी पहुंच गया और पत्नी को रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद कचहरी रोड पर दोनों के बीच जोरदार मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते सड़क पर भीड़ जुट गई और करीब आधे घंटे तक हंगामा चलता रहा।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उनके सामने भी पति ने पत्नी को पीटा। गुस्साई पत्नी ने भी पति पर पलटवार करते हुए उसे थप्पड़ों और घूंसों से जवाब दिया। बताया जाता है कि महिला अपने पति की प्रताड़ना से तंग आकर दूसरी शादी करने कोर्ट आई थी। वहीं, युवक अपनी पत्नी की इस हरकत से भड़क गया और वकील के सामने ही हाथापाई करने लगा। विवाहिता ने आरोप लगाया कि पति के अलावा उसका ससुर भी उससे संबंध बनाता था। जब उसने विरोध किया, तो पति ने ही उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
इस बात की शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। महिला का कहना है कि इसी उत्पीड़न से तंग आकर उसने वकील की मदद से दोबारा शादी करने का फैसला लिया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले महिला के परिजनों ने भी पति की पिटाई की, जिसके बाद वह और उग्र हो गया। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया और दोनों पक्षों को घर भेज दिया।
प्रमुख कार्यालयों के सामने होता रहा हंगामा
घटना उस जगह की है, जहां विकास भवन, कलेक्ट्रेट, एसपी ऑफिस और जिला पंचायत जैसे प्रमुख कार्यालय हैं। इतना भीड़भाड़ और सुरक्षा वाले इलाके में इस तरह का हंगामा सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। महिला के वकील ने बताया कि मामले में सोमवार को तहरीर दी जाएगी।





