इस सरकार ने मेरी बेटी को खा लिया...नीट छात्रा ने दी जान, बिलखते पिता का वीडियो वायरल
हमीरपुर में नीट में असफल होने पर एक छात्रा ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। मृतका के पिता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें वह बिलखते हुए कह रहे हैं कि आज सरकार के नाकामियों की वजह से यह सब हुआ। सरकार ने उनकी बेटी को खा लिया।

यूपी के हमीरपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां नीट में असफल होने पर एक छात्रा ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। अब उसके पिता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें वह बिलखते हुए कह रहे हैं कि आज सरकार के नाकामियों की वजह से यह सब हुआ। सरकार ने उनकी बेटी को खा लिया। पिता ने जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस सरकार ने मेरी बेटी को खा लिया...जिम्मेदारों की नाकामी की वजह से यह सब हुआ है। जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई के बाद ही बेटी की आत्मा को शांति मिलेगी....यह शब्द उस बिलखते पिता के हैं जिसकी बेटी ने नीट में असफल होने पर दो दिन पहले जहर खाकर जान दे दी थी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। दीवानपुरा की रहने वाली छात्रा श्रुति साहू ने 18 जुलाई की रात जहर खा लिया था। उसे गंभीर हालत में सीएचसी से मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया जहां देर रात मौत हो गई। निजी स्कूल में पढ़ाने वाले पिता महेंद्र पाल साहू का सोमवार को बिलखते हुए 43 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वह कह रहे हैं कि इस सरकार ने उनकी बेटी को खा लिया है। सरकार की नाकामियों की वजह से उनकी बेटी आज इस दुनिया में नहीं है। पिता रोते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर की है।
जंतर-मंतर पर लहराया ‘जस्टिस फॉर श्रुति’ का पोस्टर
दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट से जुड़े मुद्दों को लेकर सीजेपी के बैनर तले चल रहे आंदोलन में सोमवार को जस्टिस फॉर श्रुति का पोस्टर भी लहराया गया। मौदहा के कम्हरिया गांव निवासी युवा नेता अब्दुल सत्तार गौस पिछले 15 दिनों से जंतर-मंतर पर मौजूद रहकर सीजेपी के आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने राठ क्षेत्र की नीट छात्रा श्रुति साहू के लिए ‘जस्टिस फॉर श्रुति साहू’ लिखा पोस्टर हाथ में लेकर न्याय की मांग उठाई। वहीं राठ में नीट पेपर लीक होने के विरोध में सोमवार को छात्रों ने सीएचसी से बजरिया शहीद पार्क तक कैंडल मार्च निकाला और जान गंवाने वाले 12 छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
नीट में असफल होने पर टूट गई थी श्रुति
इंटर में 97 फीसदी अंक लाने वाली श्रुति पिछले दो साल से कोटा (राजस्थान) में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी। एक बार फिर असफल होने पर छात्रा पूरी तरह से टूट गई थी। जहर खाने से पहले उसने पिता से कहा था कि वह डिप्रेशन में आ गई। उसकी दो साल की मेहनत व आपका पैसा दोनों बर्बाद हो गया है।


