साड़ी खरीदी, शर्ट-पैंट खरीदा; ग्राहक बनकर आए युवक ने ज्वेलर को 60 लाख का चूना लगाया

हिन्दुस्तान, हिन्दुस्तान टीम, कानपुर
Follow us on Google News
share

कानपुर के विजयनगर स्थित फलमंडी में ग्राहक बनकर आए युवक ने ज्वेलरी और कपड़ा कारोबारी को करीब 60 लाख रुपये की चपत लगा दी। आरोपी चार दिन तक ग्राहक बनकर विश्वास जीतता रहा और मौका मिलते ही 50 हजार रुपये नकद, 400 ग्राम सोना व एक किलो से अधिक चांदी के जेवर से भरा बैग लेकर फरार हो गया।

कानपुर में ज्वेलर की दुकान से 60 लाख की चोरी

कानपुर के विजयनगर निवासी देवेंद्र नाथ वर्मा की घर से कुछ दूर स्थित फलमंडी में ज्योति ज्वैलर्स और वर्मा वस्त्रालय नाम से दुकान है। उन्होंने बताया कि चार दिन पहले एक युवक दुकान पर ग्राहक बनकर आया था, जो उनसे साड़ी लेकर गया। दूसरे दिन युवक दुकान से शर्ट पैंट ले गया। इस दौरान उसने अपना नाम औरैया निवासी सुरेंद्र बताया। साथ ही औरैया में प्लांटिग करने और कानपुर में रहने की जानकारी दी। तीसरे दिन युवक फिर दुकान आया और झुमकी खरीदने की बात की। शनिवार शाम करीब पांच बजे युवक फिर दुकान पहुंचा।

ग्राहक बनकर आए युवक ने 60 लाख की चपत लगाई

देवेंद्र के मुताबिक वह युवक को दुकान में छोड़कर पेशाब करने चले गए। लौटकर आए तो युवक दुकान नहीं था। रात करीब नौ बजे जब दुकान बंद करने लगे तो नकदी और सोना, चांदी से भरा बैग नहीं मिला। बताया कि बैग में करीब 50 हजार रुपये नकद, 400 ग्राम सोने के जेवर और एक किग्रा से अधिक चांदी के जेवर थे, जिनकी कीमत 60 लाख रुपये से अधिक है। रविवार को एडीसीपी सेंट्रल अर्चना सिंह, एसीपी स्वरूप नगर और क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। एडीसीपी अर्चना सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रहे हैं।

पनकी में रिटायर शाखा प्रबंधक के घर 60 लाख की चोरी

वहीं दूसरी घटना पनकी में हुई। जहां चोरों ने थाने से महज 200 मीटर दूर बैंक के रिटायर शाखा प्रबंधक के बंद घर को निशाना बनाया। पड़ोसी के मकान के सहारे घर में दाखिल हुए चोर नकदी और जेवर समेत 60 लाख का माल समेट ले गए। पनकी सी ब्लॉक निवासी संतोष शर्मा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से शाखा प्रबंधक पद से रिटायर हैं। यहां पत्नी सुमन के साथ रहते हैं। उनकी बेटी पारुल, प्रियंका और बेटा पीयूष अमेरिका में रहकर नौकरी करते हैं। एक बेटा अरुण मुंबई में रहकर शिपिंग का कारोबार करता है। संतोष अपनी पत्नी के साथ 17 जून को जबलपुर में एक रिश्तेदार के घर शादी में गए थे। इसके बाद दोनों बेटे के घर मुंबई चले गए। घर के बाहरी हिस्से की साफ-सफाई करने के लिए नौकरानी लक्ष्मी रोज आती थी। रविवार सुबह सफाई करने घर पहुंची लक्ष्मी को अंदर के दरवाजों के कुंडे टूटे मिले।

नौकरानी की सूचना पर कानपुर पहुंचे दंपति

नौकरानी की सूचना पर पीड़ित दंपति फ्लाइट से कानपुर पहुंचा। पीड़ित संतोष की मानें तो चोर जेवर और नकदी समेत 60 लाख का माल पार कर ले गए। अभी उन्होंने पुलिस को चोरी किए गए सामान की सूची नहीं सौंपी है। ‌पनकी इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट कर जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाले जा रहे हैं। जल्द चोरी का खुलासा किया जाएगा।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।