Hindi NewsUttar-pradesh NewsSantkabir-nagar NewsYouth Arrested for Misusing DM s Phone Impersonating Principal Secretary

प्रमुख सचिव बता डीएम से दुर्व्यवहार करने वाला युवक गिरफ्तार

संक्षेप: Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर में एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया, जिसने डीएम के सीयूजी नंबर पर फोन कर खुद को प्रमुख सचिव संजय प्रसाद बताकर दुर्व्यवहार किया। आरोपी ने अपने गांव के प्रधान पर कार्रवाई के लिए दबाव बनाने...

Thu, 16 Oct 2025 01:37 AMNewswrap हिन्दुस्तान, संतकबीरनगर
share Share
Follow Us on
प्रमुख सचिव बता डीएम से दुर्व्यवहार करने वाला युवक गिरफ्तार

संतकबीरनगर। हिन्दुस्तान संवाद डीएम के सीयूजी नंबर पर फोन कर खुद को प्रमुख सचिव संजय प्रसाद बताकर दुर्व्यवहार करने के आरोपित युवक को पुलिस ने मंगलवार की देर शाम गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक अपने गांव के प्रधान पर कार्रवाई करने के लिए डीएम को फोन कर दबाव बना रहा था। पुलिस ने उसे शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार कर एसडीएम सदर के समक्ष पेश किया। एसडीएम ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में लेते हुए जेल भेज दिया। एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि एक मोबाइल नंबर से डीएम के सीयूजी नंबर पर बार-बार फोन किया जा रहा था। फोन करने वाला खुद को प्रमख सचिव संजय प्रसाद बता रहा था।

वह डीएम आलोक कुमार से कई दिनों से अमर्यादित ढंग से बात कर रहा था। श्री मीना ने कहा कि डीएम ने इस मामले की जानकारी उन्हें दी। सम्बंधित मोबाइल नंबर के बारे में सर्विलांस सेल से सीडीआर व लोकेशन की जानकारी जुटाई गई। मोबाइल नंबर जिले के महुली थाना क्षेत्र स्थित सिकरी निवासी अवनीश सूर्यवंशी के पुत्र आयुष सूर्यवंशी उर्फ ऋषभ का निकला। एसपी ने बताया कि पुलिस आयुष के पते पर पहुंची और मोबाइल पर संपर्क किया। मोबाइल पर बात करने वाले युवक ने अपना नाम आयुष सूर्यवंशी उर्फ ऋषभ (27) बताया। एसपी ने कहा कि डीएम को फोन करने के बाबत पूछताछ करने पर युवक भड़क गया और पुलिस कर्मियों से भी अमर्यादित आचरण करने लगा। समझाने पर भी वह मानने को तैयार नहीं था। अपने ही गांव के प्रधान के खिलाफ कार्रवाई न किए जाने की शिकायत करते हुए बार-बार उग्र हो जा रहा था। शांतिभंग होने की प्रबल संभावना को देखते हुए कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने आयुष को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शांतिभंग की आशंका के तहत कार्रवाई की। एसडीएम सदर अरुण कुमार ने बताया कि आरोपी आयुष सूर्यवंशी उर्फ ऋषभ को शांतिभंग की आशंका में जेल भेज दिया गया।