
नेटवर्क मार्केटिंग में मुनाफे का झांसा, महिलाओं ने किया हंगामा
Santkabir-nagar News - मेंहदावल में एक रेस्टोरेंट के बाहर महिलाओं के बीच नेटवर्क मार्केटिंग में निवेश को लेकर विवाद हुआ। महिलाएं पैसे की वापसी की मांग कर रही थीं, जबकि दूसरी पक्ष ने इसे कंपनी के खाते में भेजा बताया। पुलिस ने मामला शांत कराया और समझाया कि लिखित शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
मेंहदावल, हिन्दुस्तान संवाद। मेंहदावल तहसील मुख्यालय के पास एक रेस्टोरेंट के बाहर बुधवार दोपहर अचानक माहौल तब गर्म हो गया जब कुछ महिलाएं तेज आवाज में आपस में बहस करने लगीं। आसपास मौजूद लोगों की भीड़ बढ़ने लगी तो किसी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मेंहदावल पुलिस ने महिलाओं के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने की कोशिश की और उन्हें थाने ले जाकर विस्तार से पूछताछ की। पुलिस की जांच में सामने आया बेलहर कला निवासी रंगीता समेत कई महिलाओं ने नेटवर्क मार्केटिंग के नाम पर एक निजी कंपनी में लगभग दस हजार रुपये का निवेश किया था।
उन लोगों को बताया गया था कि कुछ महीनों में अच्छा मुनाफा मिलेगा। लेकिन अपेक्षित लाभ न मिलने पर महिलाओं ने निवेश कराने वाली महिला से पैसा वापस करने की मांग की। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ती गई और मामला हंगामे तक पहुंच गया। निवेश कराने वाली महिलाओं ने पुलिस को बताया कि उन्होंने सिर्फ कंपनी की योजना बताई थी, पैसा सीधे कंपनी के खाते में गया है, इसलिए रिफंड भी उसी स्तर से संभव है। वहीं, पीड़ित महिलाओं का कहना था कि उन्हें बेहतर रिटर्न का आश्वासन देकर निवेश कराया गया और अब पैसा वापस करने में टालमटोल की जा रही है। इस वजह से महिलाएं भावुक और नाराज हो उठीं। पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद महिलाओं का गुस्सा शांत हुआ और वे अपने घर लौट गईं। देर शाम तक किसी भी पक्ष ने थाने में औपचारिक तहरीर नहीं दी थी, हालांकि पुलिस ने आश्वस्त किया है कि शिकायत मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। मेंहदावल थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने दोनों पक्षों को शांति बनाए रखने की सलाह देते हुए पीड़ित महिलाओं को समझाया कि पैसा वापसी के लिए वे लिखित शिकायत के आधार पर कानूनी दावा प्रस्तुत कर सकती हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




