दहेज हत्या के आरोपी पति, जेठ और जेठानी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
Santkabir-nagar News - महुली थाना क्षेत्र के ग्राम बघाड़ी में विवाहिता माया देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। पति, जेठ और जेठानी पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगा। माया के भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

नाथनगर, हिन्दुस्तान संवाद। महुली थाना क्षेत्र के ग्राम बघाड़ी उर्फ परसदीपुर में संदिग्ध परिस्थियो में झुलसकर विवाहिता की हुई मौत के मामले में गुरुवार को पुलिस ने नामजद पति, जेठ और जेठानी को गिरफ्तार कर लिया। इन तीनों पर विवाहिता के भाई की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने विधिक कार्रवाई कर तीनों को न्यायालय में पेश किया। वहां से जेल भेज दिया गया।थानाध्यक्ष दुर्गेश पाण्डेय ने बताया कि कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के उस्का खुर्द निवासी दुर्गा प्रसाद यादव की पुत्री माया देवी की शादी 16 फरवरी 2020 को महुली क्षेत्र के बघाड़ी उर्फ परसादीपुर निवासी रमेश यादव पुत्र राम फेर यादव के साथ हुई थी।
बुधवार को माया देवी संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर गंभीर रूप से झुलस गईं। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर माया के मायके पक्ष के लोग भी बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंच गए थे। इस दौरान मायके और ससुराल पक्ष के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई थी। माया के पिता दुर्गा प्रसाद यादव तथा भाई विजय यादव ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही पति, जेठ और जेठानी दहेज में कार की मांग को लेकर माया को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। उनका आरोप है कि शनिवार को साजिश के तहत माया देवी का हाथ बांधकर उन्हें जिंदा जला दिया गया। इस मामले में मृतका के भाई ने आरोपी पति रमेश चन्द्र यादव पुत्र रामफेर, गोरखनाथ यादव उर्फ इन्द्रेश पुत्र रामफेर यादव तथा कान्ती देवी पत्नी गोरखनाथ के खिलाफ दहेज में कार नहीं मिलने पर हाथ बंधकर जिंदा जला देने का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में नामजद तीनों आरोपियों को छापेमारी करके ग्राम अगया उर्फ सिदाही गांव मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी कर तीनों को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से जेल भेज दिया गया। इस कामयाबी में पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जगन्नाथ सिंह यादव, महिला मुख्य आरक्षी पुष्पा यादव, कांस्टेबल राजमंगल यादव तथा कांस्टेबल मनीष कुमार शामिल रहे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


