Santkabir Nagar News: थम नहीं रहा मौसमी बीमारियों का प्रकोप
Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर जिले में मौसम के उतार-चढ़ाव की वजह से लोग बीमार पड़ रहे हैं। जिला अस्पताल में मरीजों की लंबी लाइनें लग रही हैं। तापमान में अचानक गिरावट और बढ़ोतरी से स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। विशेषज्ञों का सुझाव है कि ताजा खाना खाएं और सही पानी पियें।
Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में मौसम के उतार चढ़ाव की वजह से लोग बीमार पड़ रहे हैं। यही कारण है कि जिला अस्पताल में मरीजों की लंबी लाइन लग रही है। मौसम के उतार चढ़ाव से लोगों की तबियत तेजी के साथ खराब हो रही है। तापमान में कभी गिरावट आ रही है तो कभी अचानक गर्मी बढ़ जा रही है। पिछले एक सप्ताह से बदली, बारिश और तापमान में उतार-चढ़ाव लोगों को मरीज बना दे रहा है। थोड़ी सी लापरवाही की वजह से लोगों की तबियत इस कदर खराब हो रही है कि वे अस्पताल पहुंच जा रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि सुपाच्य और ताजा भोजन का सेवन करें। उथले नल के बजाए इंडिया मार्का हैंडपंप का पानी पीएं。
मौसम का मिजाज
मौसम के उतार-चढ़ाव और हवाओं के बदलाव के कारण मौसम का मिजाज पल-पल बदल रहा है। इसकी वजह से लोगों की तबियत खराब हो रही है। डॉ. फराज अहमद ने बताया कि मौसम के उतार चढ़ाव के कारण लोगों को वायरस जनित बीमारियां परेशान कर रही हैं। जुकाम, बुखार के साथ श्वांस के मरीज जिला अस्पताल में आ रहे हैं। मौसम के उतार चढ़ाव की वजह से कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोग जुकाम-बुखार की चपेट में आ जा रहे हैं। उन्हें अस्पताल का सहारा लेना पड़ रहा है। इस प्रकार के मौसम में वायरस और बैक्टीरिया जनित बीमारियां तेजी से फैलती हैं।
जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या
जिला अस्पताल में सुबह से ही इलाज कराने के लिए पर्ची काउंटर से लेकर दवा काउंटर तक मरीजों की लाइन लग रही है। मरीजों की संख्या अधिक होने की वजह से चिकित्सकों को मरीजों का उपचार के लिए परेशान होना पड़ रहा है। अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ से लेकर फिजीशियन कक्ष तक लंबी लाइन लगी रही। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. रमाशंकर सिंह ने बताया कि मौसम पूरी तरह से बदल चुका है। बदलते मौसम से जुड़ी सभी दवाएं अस्पताल में उपलब्ध हैं।


