Santkabir Nagar News: भुगतान में फंसा वीबी जी रामजी के मजदूरों की 7.82 करोड़ की मजदूरी
Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में वीबी जी रामजी योजना के तहत कार्य

Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में वीबी जी रामजी योजना के तहत कार्य करने वाले मजदूरों को मजदूरी के लिए जिले में लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि ब्लॉकों से डोंगल लगने के करीब 25 दिन बाद तक मजदूरों के खाते में उनके हक का पैसा नहीं पहुंचा है। इससे उनमें निराशा है। वैसे भी अभी केवल सामान्य व पिछड़ा वर्ग के मजदूरों की मजदूरी का ही भुगतान होना है। अनुसूचित जाति के मजदूरों को इंतजार करना पड़ेगा। विभागीय आकड़ों के अनुसार डोंगल लगने के बाद 7 करोड़ 82 लाख रुपए के मजदूरी का भुगतान फंसा हुआ है।
इसका भुगतान ट्रेजरी से होना है। हालांकि विभागीय अधिकारियों का दावा है कि भुगतान प्रक्रियाधीन है और मजदूरों के खाते में पैसा जाना शुरू हो गया है।वीबी जी राम जी योजना लागू करने के साथ ही शासन ने निर्धारित समय के भीतर ही मजदूरी भुगतान के आदेश दिए थे। इस योजना के तहत कार्य करने के 15 दिन के भीतर मजदूरी का भुगतान किया जाना अनिवार्य किया गया है। लेकिन जनपद में ऐसा नहीं हो पा रहा है। मजदूर कार्य करने के बाद से ब्लाकों का चक्कर लगा रहे हैं। अनुसूचित जाति के मजदूरों का तो अभी एफटीओ ही जारी नहीं हुआ है। सामान्य व पिछड़ा वर्ग के मजदूरों की मजदूरी के भुगतान की प्रक्रिया शुरू हुई भी तो वह भी अटकी हुई है। 25 दिन पूर्व ब्लाकों से भुगतान के लिए डोंगल लगाया गया। इसके बाद भुगतान के लिए बिल ट्रेजरी में भेजे गए। लेकिन अभी तक मजदूरों के खाते में धन नहीं पहुंच सका है। जिससे मजदूरों में काफी निराशा है।--------------------------------ब्लाकों में यह होना है मजदूरी का भुगताननाथनगर ब्लॉक में सामान्य वर्ग के मजदूरों का 2 करोड़ 12 लाख 18 हज़ार रुपये का डोंगल लगा है। जबकि 1 करोड़ 35 लाख 86 हजार रूपये अनुसूचित वर्ग के मजदूरों का 18 अगस्त तक का बकाया है। बघौली में 43 लाख 70 हजार डोंगल लगा है। बाकी अनुसूचित का 45 लाख 34 हजार बकाया है। बेलहर ब्लॉक के 46 लाख 65 हजार का डोंगल लगा है, जबकि 26 लाख 72 हजार अनुसूचित का बकाया है। हैंसर का 1 करोड़ 41 लाख 94 हजार डोंगल लगा है, जबकि अनुसूचित का 1 करोड़ 20 लाख 32 हजार बकाया है। खलीलाबाद में 61 लाख 90 हजार डोंगल लगा है, तो 35 लाख 83 हजार अनुसूचित का बकाया है। मेहदावल में 26 लाख 52 हजार का डोंगल लगा है और 45 लाख 76 हजार बकाया अनुसूचित जाति के मजदूरों का है। पौली में 1 करोड़ 20 लाख 11 हजार का डोंगल लगा है और 30 लाख 41 हजार अनुसूचित वर्ग का बकाया है। सांथा ब्लॉक का एक करोड़ 8 लाख 3 हजार का डोंगल लगा है और 1 करोड़ 11 लाख 54 हजार बकाया अनुसूचित जाति का है। सेमरियावां ब्लॉक का 21 लाख 66 हजार का डोंगल लगा है और 28 लाख से ऊपर का अनुसूचित का बकाया है। कुल 7 करोड़ 82 लाख 95 हजार का डोंगल लगा है। जबकि टोटल 5 करोड़ 80 लाख 40 हजार अनुसूचित जाति के मजदूरों की मजदूरी बकाया हैउपायुक्त मनरेगा डॉ प्रभात कुमार द्विवेदी ने बताया कि सभी बाधाएं दूर हो गई हैं। भुगतान शुरू हो गया है। अब सभी मजदूरों के मजदूरी का भुगतान नियमित रूप से हो रहा है। एक से दो दिन के भीतर सभी मजदूरों के खाते में मजदूरी पहुंच जाएगी। कई ब्लाकों में पहुंच भी गई है। जहां तक रहा अनुसूचित जाति के मजदूरों की मजदूरी का सवाल तो एफटीओ बनना शुरू हो गया है, जल्द ही उसका भी भुगतान हो जाएगा।


