
दो महिलाओं का नाम वोटर लिस्ट से कटा, एसडीएम से शिकायत
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल विकास खंड की समदा ग्राम
संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल विकास खंड की समदा ग्राम पंचायत में मतदाता सूची में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि वर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) की माता समेत दो महिलाओं का नाम मतदाता सूची से बीएलओ द्वारा काट दिया गया। पीड़ित पक्ष ने बीएलओ पर मृतक दिखाकर नाम विलोपित करने का गंभीर आरोप लगाते हुए एसडीएम से शिकायत की है। मामले को संज्ञान में लेते हुए एसडीएम ने बीडीओ को जांच के निर्देश दिए हैं। एसडीएम मेंहदावल को दिए गए शिकायती पत्र में अभय कुमार ने बताया कि पंचायत निर्वाचन की प्रकाशित मतदाता सूची में उनकी माता मंजू देवी पत्नी रविंद्र और चाची निशा का नाम विलोपित कर दिया गया है।
आरोप है कि जब बीएलओ से संपर्क किया गया तो बताया गया कि दोनों को मृतक दिखाकर नाम हटाया गया है। पीड़ित का कहना है कि मंजू देवी जीवित हैं और वर्तमान में क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं, जबकि उनकी चाची निशा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद पर कार्यरत हैं। ऐसे में दोनों को मृत दिखाकर नाम काटा जाना गंभीर लापरवाही और मनमानी का मामला है। इस संबंध में एसडीएम संजीव कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं बीडीओ मेंहदावल राजेश श्रीवास्तव ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बीएलओ द्वारा बार-बार आधार कार्ड मांगा गया था, लेकिन उपलब्ध न कराने के कारण नाम विलोपित हुआ है। मृतक दिखाकर नाम काटने का आरोप निराधार है। फिलहाल मामले की जांच जारी है, जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




