Santkabir Nagar News: बदहाल सड़कों से सफर मुश्किल, ग्रामीण परेशान
Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के विकास क्षेत्र सेमरियावां के कई गांवों के
Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के विकास क्षेत्र सेमरियावां के कई गाँवों के मुख्य संपर्क मार्ग लंबे समय से बदहाली का शिकार हैं। सड़कों पर जगह-जगह गिट्टियां उखड़ने और खड़ंजा धंसने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जर्जर मार्गों की मरम्मत कराकर आवागमन सुचारु कराने की मांग की है。
ग्राम पंचायत पचदेऊरी से पचदेऊरा समेत अन्य गांवों को जोड़ने वाला मार्ग
ग्राम पंचायत पचदेऊरी से पचदेऊरा समेत अन्य गांवों को जोड़ने वाला करीब एक किलोमीटर लंबा संपर्क मार्ग भी बदहाल हो गया है। करीब एक वर्ष पहले लोक निर्माण विभाग की ओर से इस सड़क पर पैचिंग कार्य कराया गया था, लेकिन एक वर्ष के भीतर ही सड़क दोबारा जर्जर हो गई। वर्तमान में जगह-जगह गिट्टियां बिखरी पड़ी हैं, जिससे राहगीरों के साथ ही दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। स्थानीय निवासी मोहम्मद असलम, संतराम वरुण, सहरानी, महेश कुमार, मनोज कुमार और हरिश्चंद का कहना है कि यदि पिछले वर्ष सड़क पर कराया गया कार्य मानक के अनुरूप हुआ होता तो इतनी जल्दी सड़क की हालत खराब नहीं होती। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से करीब एक किलोमीटर लंबे इस मार्ग की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
मीरपुर-भैंसवरिया मार्ग हुआ बदहाल
विकास क्षेत्र की करही ग्राम पंचायत के राजस्व गांव मीरपुर और भैंसवरिया को जोड़ने वाले मुख्य संपर्क मार्ग की हालत भी खराब है। भैंसवरिया जाने वाले मार्ग पर जगह-जगह खड़ंजा बैठ गया है। इससे दोपहिया ही नहीं, बल्कि चारपहिया वाहनों के आवागमन में भी परेशानी होती है। मीरपुर को जोड़ने वाले मुख्य संपर्क मार्ग पर भी कई स्थानों पर गिट्टियां उखड़ गई हैं, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
धरई गांव के सड़क की नहीं सुधरी हालत
इसी प्रकार सेमरियावां विकासखंड की देवरिया विजई ग्राम पंचायत के राजस्व गांव धरई में भी मुख्य संपर्क मार्ग की स्थिति चिंताजनक है। आजादी के करीब आठ दशक बाद भी गांव तक पहुंचने वाला मार्ग बेहतर नहीं हो सका है। सरयू नहर के किनारे खड़ंजा लगाकर बनाया गया यह मार्ग बरसात के दिनों में ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव को जोड़ने वाला यह प्रमुख मार्ग लंबे समय से बदहाल है। सड़क की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से सभी जर्जर संपर्क मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कराकर गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने की मांग की है। वहीं इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि पचदेऊरी नहर जोड़ने वाला संपर्क मार्ग विशेष मरम्मत में स्वीकृत है बरसात के मौसम बाद इस निर्माण शुरू होगा उन्होंने बताया कि अन्य सड़कें उनके विभाग के अंतर्गत नहीं आती हैं।
पैड़ी से दानोकुइया मार्ग बदहाल, चलना दूभर
विकास खण्ड सेमरियावा के दर्जनों गांवों को बीएमसीटी मार्ग से जोड़ने वाला पैड़ी-दानोकुइया मार्ग बदहाली का शिकार हैं। प्रमुख चौराहों पर गहरे गहरे गड्ढे और संकरी सड़क ग्रामीणों सहित क्षेत्रीय ग्रामीणों की परेशानी का कारण बना हुआ है। ब्लाक के करही, पिड़वा, रुधौली, कानपारा, पुरैना, दानोकुइया सहित दर्जनों गांवों को बीएमसीटी बस्ती-मेंहदावल मार्ग से जोड़ने वाला सात किमी लम्बा मार्ग बदहाली का शिकार है। मरम्मत व देखरेख के अभाव में सड़क पर गहरे गहरे गड्ढे बन गए हैं जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। सड़क पर गड्ढे और संकरी सड़क राहगीरों सहित क्षेत्रवासियों की परेशानी का सबब बना हुआ है। ग्रामीण मोहम्मद तैय्यब, हबीबुर्रहमान, मोहम्मद ईशा, अशफाक अहमद, अदील अहमद, फकीहुद्दीन, राजेन्द्र प्रताप, अखलाक़ अहमद चौधरी, मोहम्मद सलमान आदि दर्जनों लोगों ने सड़क का चौड़ीकरण कराये जाने व सड़क के पुनर्निमाण कराये जाने की मांग की है।

