ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश संतकबीरनगरवैक्सीनेशन बूथ पर हंगामा, फाटक टूटा

वैक्सीनेशन बूथ पर हंगामा, फाटक टूटा

नाथनगर। हिन्दुस्तान संवाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाथनगर के प्रथम तल पर बने...

वैक्सीनेशन बूथ पर हंगामा, फाटक टूटा
हिन्दुस्तान टीम,संतकबीरनगरThu, 22 Jul 2021 10:41 PM
ऐप पर पढ़ें

नाथनगर। हिन्दुस्तान संवाद

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाथनगर के प्रथम तल पर बने टीकाकरण केंद्र पर लोगों ने गुरुवार को जमकर हंगामा किया। भीड़ के दवाब के चलते वैक्सिनेशन बूथ का फाटक टूट गया। अफरा तफरी मच गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बेतरतीब खड़े लोगों को लाइन अप कराया। हवा में लाठी भांजकर स्थिति संभाला। अव्यवस्था देखकर अधिकतर महिलाएं बिना टीका लगवाए वापस लौट गईं।

कोरोना संक्रमण की रफ्तार इन दिनों काफी धीमी गति पर है। इससे बचाव के लिए वैक्सीन काफी कारगर साबित हो रही है। वैक्सिनेशन बूथों पर काफी भीड़ जुट रही है लेकिन मांग के अनुरूप वैक्सीन की उपलब्धता काफी कम हो रही है। स्वास्थ्य महकमा इसे शासन स्तर की समस्या बताते हुए अपना पिंड छुड़ा ले रहा है।

सीएचसी नाथनगर पर दो टीकाकरण बूथ बनाया गया है। गुरुवार को काफी संख्या में लोग नौ बजे ही पहुंच गए। महिलाएं व पुरुष अलग-अलग लाइन में खड़े हो गए। दस बजे के बाद टीकाकरण कार्यक्रम शुरू हुआ। थोड़ी ही देर बाद अफरा तफरी की स्थिति मच गई।

पंजीकरण काउंटर पर ज्यादा संख्या में लोग पहुंच गए। आपस में धक्का मुक्की करके सबसे पहले रजिस्ट्रेशन कराने की होड़ लग गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया लेकिन उनकी बातों को लोगों ने अनसुना बना दिया। मजबूरन बूथ का मुख्य फाटक को बंद करा दिया गया।

नाम पुकार कर लोगों अंदर बुलाया जाने लगा। देर तक जब लाइन में खड़े लोगों का नम्बर नहीं आया तो उक्त लोग उग्र हो गए। हंगामा करते हुए फाटक पर जोर लगा दिया। परिणामस्वरूप फाटक टूट गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने टूटे फाटक को खड़ा कर किसी तरह अंदर से स्टूल लगाकर लोगों को रोकने का प्रयास किया। भीड़ बढ़ती देख पुलिस को बुलाना पड़ा।

पुलिस ने हवा में लाठी भांजकर लोगों को नियंत्रित किया। बेतरतीब ढंग से खड़ी भीड़ को लाइन में खड़ा किया। तब जाकर स्थिति नियंत्रित हो सकी। इस दौरान काफी अफरा तफरी का माहौल बना रहा। अधिकतर महिलाएं बैरंग लौट गई।

सीएचसी नाथनगर पर बुधवार को वैक्सीन की 1300 डोज पहुंची थी। पांच सौ लोगों का उसी दिन टीकाकरण किया गया था। शेष आठ सौ लोगों के लिए गुरुवार को दो बूथों पर वैक्सीनेशन कार्य चल रहा था।

डा. विमल चंद्र द्विवेदी

केंद्र अधीक्षक

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाथनगर

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें