जनपद के भिनखिनी में एक साथ बनता है चार पीढ़ियों का भोजन
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर में डॉ. विनोद कुमार पांडेय का परिवार चार पीढ़ियों का है, जिसमें 32 सदस्य एक ही छत के नीचे रहते हैं। सभी लोग एक साथ भोजन करते हैं और सुख-दुख साझा करते हैं। छापड़िया परिवार भी पांच पीढ़ियों का है, जिसमें 27 सदस्य एक साथ रहते हैं और निर्णय सामूहिक रूप से लेते हैं।

संतकबीरनगर, निज संवाददाता। आधुनिकता और भौतिकता के इस समय में संयुक्त परिवार की कल्पना करना बेमानी सा लगता है। वह भी तब जब चंद रुपयों और जमीन के लिए भाई-भाई का और पुत्र का पिता की हत्या कर दे रहा है। हर बात पर परिवार में विवाद और तेजी से विखंडन होने की प्रक्रिया भी बढ़ी है। लोगों के अन्दर से रिश्ते में प्रेम और अपनत्व का भाव समाप्त हो रहा है। ऐसे में आज भी संतकबीरनगर जिले में कुछ परिवार ऐसे मिले हैं जो संयुक्त परिवार की परिकल्पना को साकार कर रहे हैं। एक दो नहीं चार पीढ़ियां न सिर्फ एक ही घर में साथ रहती हैं, बल्कि चूल्हा भी एक ही जलता है। संयुक्त रूप से भोजन बनता है। सभी साथ खाते हैं। आपस में प्रेम इतना है कि सुख हो या दुख दोनों बराबर बांट लेते हैं। यह परिवार है जनपद के भिनखिनी निवासी डॉ विनोद कुमार पांडेय का.
परिवार की संरचना
डॉ विनोद कुमार पांडेय की चार पीढ़ियां एक साथ एक ही छत के नीचे रहती हैं। परिवार में कुल 32 सदस्य हैं। सभी का भोजन साथ ही बनता है। ऐसा भी नहीं है कि परिवार ने विकास नहीं किया है। परिवार का हर व्यक्ति आत्मनिर्भर है। घर में डाक्टर, शिक्षक, वकील, सीए तक हैं। डॉ. विनोद कुमार पांडेय बताते हैं कि उनके पिता गिरिजा शंकर पांडेय ही परिवार के मुखिया हैं। बड़े भाई महेन्द्र प्रताप पांडेय का निधन हो गया है। बड़े भाई के पुत्र सत्येन्द्र पांडेय, नरेन्द्र पांडेय और विरेन्द्र पांडेय के अलावा मेरे पुत्र डॉ आशुतोष पांडेय, अभिषेक पांडेय, अंकुर पांडेय सभी अपने परिवार के साथ में रहते हैं। इनमें दो शिक्षक हैं। एक वकील हैं। डॉ आशुतोष पांडेय वरिष्ठ ईएनटी सर्जन हैं। उन्होंने कहा कि हर सुख और दुख का सामना सभी मिलकर करते हैं। आपसी समन्वय बनाने से ही परिवार चलता है। वहीं, पांच पीढ़ियों के सदस्य एक साथ जिला मुख्यालय के गोलाबाजार में छापड़िया परिवार (राधेगोविन्द परिवार) भी संयुक्त परिवार की मिशाल है। यहां पांच पीढ़ियों के 27 सदस्य एक साथ एक छत के नीचे रहते हैं। साथ में ही व्यवसाय भी करते हैं । अशोक छापड़िया बताते हैं कि हम पांच भाइयों का परिवार रहता है। आज भी रात में भोजन सभी एक साथ करते हैं.
निर्णय लेने की प्रक्रिया
सभी मिलकर लेते हैं कोई निर्णय. उन्होंने बताया कि हमारे परिवार का आधार है कि हम कोई भी निर्णय अकेले नहीं लेते सभी साथ बैठते हैं और फिर चर्चा करने के बाद निर्णय लेते हैं। यदि कोई विकास का कार्य होता है तो सभी के लिए समान होता है। सभी के दायित्व अलग-अलग हैं। हर व्यक्ति अपने दायित्वों का निर्वहन करता है। महिलाओं के भी दायित्व निर्धारित हैं। वहीं, परिवार के मुखिया को हमेशा विनम्र और सहनशील होना पड़ता है। कई बार देखकर आंख बंद करनी पड़ती है, कुछ बातें सुनकर भी अनसुना करना पड़ता है और चुप रहना पड़ता है.
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


