
दो युवतियों ने करमैनी पुल से राप्ती नदी में लगाई छलांग
Santkabir-nagar News - जिले के करमैनी पुल पर शुक्रवार को दो युवतियों ने राप्ती नदी में आत्महत्या का प्रयास किया। खुशबू त्रिपाठी को स्थानीय मछुवारों ने बचा लिया, जबकि रीना साहनी का कोई पता नहीं चला। पुलिस और एसडीआरएफ ने सर्च...
मेंहदावल, हिन्दुस्तान संवाद। जिले की सीमा पर स्थित करमैनी पुल पर शुक्रवार को महज चार घंटे के अंतराल में दो युवतियों ने राप्ती नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। एक युवती को स्थानीय मछुवारों ने जिंदा बचा लिया, जबकि दूसरी युवती का देर शाम तक कोई सुराग नहीं लग सका। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मेंहदावल व कैम्पियरगंज पुलिस के साथ ही एसडीआरएफ की टीम पहुंच गई और सर्च आपरेशन शुरू किया गया। पहली घटना सुबह लगभग 8 बजे की है। खुशबू त्रिपाठी (20) पुत्री बलिराम, निवासी बनकटा थाना मेंहदावल, अचानक करमैनी पुल पर पहुंची और नदी में कूद गई।
राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में दोनों थानों की पुलिस और एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और खुशबू की तलाश शुरू कर दी। अभी टीम नदी में खोजबीन कर ही रही थी कि दोपहर लगभग 12 बजे पुल पर मौजूद रीना साहनी (22) पुत्री छोटक साहनी, निवासी ग्राम रामकोला टोला बेलवा, थाना कैम्पियरगंज ने भी अचानक नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों और नाविकों ने हिम्मत दिखाते हुए उसे तुरंत बाहर निकाल लिया। पुलिस ने युवती को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। लगातार दो घटनाओं ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। कुछ ही समय में पुल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। सोशल मीडिया पर भी घटनाओं को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। देर शाम तक एसडीआरएफ टीम द्वारा खुशबू त्रिपाठी की तलाश के लिए अभियान जारी था। प्रभारी निरीक्षक मेंहदावल सतीश कुमार सिंह ने बताया पहली युवती के नदी में छलांग लगाने की सूचना पर एसडीआरएफ टीम द्वारा खोजबीन की जा रही थी। इसी दौरान दूसरी युवती ने भी छलांग लगा दी, जिसे स्थानीय मछुआरों की मदद से बचा लिया गया है। फिलहाल पहली युवती की तलाश जारी है। मामले की जांच की जा रही है और अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। लोग एक ही दिन में दो युवतियों के आत्महत्या के प्रयास से स्तब्ध हैं। प्रशासन अब दोनों मामलों की गहराई से जांच में जुट गया है कि आखिर इन युवतियों को ऐसा कदम उठाने की वजह क्या थी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




