Hindi NewsUttar-pradesh NewsSantkabir-nagar NewsTraining Program for Sanitation Workers Under Namaste Scheme Held in Mehdawal
नमस्ते योजना के तहत नगर पंचायत में सफाई कर्मियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

नमस्ते योजना के तहत नगर पंचायत में सफाई कर्मियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

संक्षेप:

Santkabir-nagar News - नगर पंचायत मेहदावल में नमस्ते योजना के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ। प्रशिक्षक रमेश देसाई ने सफाई कर्मियों की सुरक्षा पर जोर दिया और उचित सुरक्षा उपकरणों के उपयोग की आवश्यकता बताई। उन्होंने विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी। कार्यक्रम में नगर पंचायत के सभी सफाई कर्मचारी शामिल हुए।

Thu, 4 Dec 2025 01:44 AMNewswrap हिन्दुस्तान, संतकबीरनगर
share Share
Follow Us on

मेंहदावल, हिंदुस्तान संवाद। नगर पंचायत मेहदावल में बुधवार को नमस्ते योजना अन्तर्गत एक दिवसीय महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ। यह प्रशिक्षण मंत्रालय से आई टेक्निकल एजुकेशन टीम के प्रशिक्षक रमेश देसाई द्वारा नगर पंचायत सभागार में दिया गया। जिसमें सफाई नायकों, सफाई कर्मचारियों तथा नमस्ते योजना में पंजीकृत सीवर व सेप्टिक टैंक सफाई कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रशिक्षक रमेश देसाई ने बताया कि सफाई कर्मियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि खतरनाक कूड़े या सीवर-संबंधित कार्य करते समय पीपी किट, दस्ताने, मास्क, गमबूट और हेलमेट का उपयोग अनिवार्य रूप से किया जाना चाहिए। इससे किसी भी प्रकार की विषाक्त गैस, कीटाणु या रासायनिक सामग्री से होने वाले खतरों को रोका जा सकता है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

उन्होंने बताया कि सेप्टिक टैंक खोलने के बाद कम से कम एक घंटे तक उसे खुला छोड़ देना चाहिए ताकि टैंक के भीतर मौजूद मीथेन, हाइड्रोजन सल्फाइड और अन्य जहरीली गैसें बाहर निकल सकें। गैस की जांच करने के बाद ही सीवर या टैंक की सफाई शुरू करनी चाहिए। यह प्रक्रिया कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है और इस पर किसी भी परिस्थिति में लापरवाही नहीं की जा सकती। इस दौरान इसके लिए सरकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान सफाई कर्मियों के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं बीमा योजना, स्वास्थ्य सुरक्षा योजना, उपकरण उपलब्धता, स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम और अन्य लाभों की भी विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी श्री पंकज कुमार ने कहा कि नगर क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि प्राइवेट सेप्टिक टैंक संचालकों पर निगरानी बढ़ाई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी व्यक्ति सड़क, नाली या खुले क्षेत्र में अवैध रूप से सेप्टिक टैंक खाली न करे। कार्यक्रम में कंप्यूटर अपरेटर संजय कुमार, सफाई नायक हरिराम, तौफीक, तायर अहमद, उमाशंकर सहित नगर पंचायत मेहदावल के सभी सफाई कर्मचारी, सीवर कर्मी एवं नायकों की उपस्थिति रहे।