Santkabir Nagar News: राखी बांधने जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत
Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर जिले में रक्षाबंधन पर राखी बांधने जा रही इंद्रावती देवी (60) की सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक से बचने के प्रयास में उनकी बाइक गिर गई। गंभीर घायल होने पर जिला अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना से परिवार में शोक का माहौल है।

Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन पर भाई की कलाई पर राखी बांधने मायके जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। टंड़वरिया के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। त्योहार के दिन हुई मौत की खबर से महिला के ससुराल और मायके में कोहराम मच गया। सांड़े खुर्द गांव निवासी इंद्रावती देवी (60) पत्नी राजेंद्र सिंह शुक्रवार को गांव के ही एक युवक के साथ बाइक से खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के रामपुर बोदवल स्थित अपने मायके जा रही थीं।
बताया गया कि टंड़वरिया के पास चाय पर चर्चा दुकान के समीप सामने से तेज रफ्तार ट्रक आ गया। ट्रक से बचने के प्रयास में बाइक चालक ने नियंत्रण खो दिया और बाइक सड़क पर गिर गई। हादसे में इंद्रावती देवी सिर के बल सड़क पर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।हादसा देख आसपास के लोगों ने तत्काल घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहदावल पहुंचाया। उनकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इंद्रावती देवी गांव में किराना की दुकान चलाकर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करती थीं। रक्षाबंधन के दिन मायके में भाई को राखी बांधने की उनकी खुशी अधूरी रह गई। मौत की खबर मिलते ही मायके और ससुराल पक्ष के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


