Santkabir Nagar News: दो मासूमों की मौत में रेलवे ठेकेदार व मत्स्य समिति सचिव पर मुकदमा
Santkabir Nagar News: मेंहदावल के परसा पांडेय गांव में रेलवे लाइन के निर्माण के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। परिजनों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही का आरोप लगाते हुए रेलवे ठेकेदार और मत्स्य पालक समिति के सचिव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Santkabir Nagar News: मेंहदावल, हिन्दुस्तान संवाद। मेंहदावल थानाक्षेत्र के परसा पांडेय गांव में नई रेलवे लाइन निर्माण के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की मौत के मामले में पुलिस ने रेलवे ठेकेदार और मत्स्य पालक समिति के सचिव के खिलाफ केस दर्ज किया है। परिजनों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।कुसौना खुर्द निवासी परविंद कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उनका सात वर्षीय पुत्र प्रभास अपने साथी कुनाल के साथ शुक्रवार शाम करीब चार बजे शौच के लिए गया था।
दोनों परसा पांडेय स्थित निर्माणाधीन रेलवे लाइन के पास पहुंचे, जहां रेलवे निर्माण के लिए करीब 15 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था। बारिश का पानी भर जाने से गड्ढे की गहराई का बच्चों को अंदाजा नहीं लग सका और दोनों उसमें डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन दोनों बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहदावल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि रेलवे ठेकेदार ने गड्ढे के आसपास न तो घेराबंदी कराई थी और न ही किसी प्रकार का चेतावनी बोर्ड लगाया था। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया था कि पहले भी ग्रामीणों ने अवैध मिट्टी खनन और सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर विरोध जताया था, लेकिन मत्स्य पालक समिति के सचिव महेश निषाद तथा कृष्णा कंस्ट्रक्शन, राजस्थान के ठेकेदार मोहन चौधरी की मिलीभगत से बिना सुरक्षा व्यवस्था के कार्य कराया जाता रहा। इसी लापरवाही के चलते दोनों मासूमों की जान चली गई। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


