पिकअप और बोलेरो की भीषण भिड़ंत में चालक व मासूम की दर्दनाक मौत
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर के बखिरा थाना क्षेत्र में बघुआ गांव के पास बोलेरो और डिलीवरी पिकअप की जोरदार टक्कर में चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग मुंबई जा रहे थे। प्रशासन से सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम की मांग की जा रही है।

संतकबीरनगर-बखिरा-बघौली, हिटी। बखिरा थाना क्षेत्र के बघुआ गांव के पास बुधवार की देर रात बोलेरो और डिलीवरी पिकअप की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को संयुक्त जिला अस्पताल भिजवाया। इस दर्दनाक घटना से मृतकों के परिवार में कोहराम मचा है, वहीं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। बखिरा थाना क्षेत्र के इमिलडिहवा गांव निवासी बोलेरो चालक सलाउद्दीन (60) आठ सवारियों को लेकर खलीलाबाद रेलवे स्टेशन जा रहे थे।
सभी लोग मुंबई जाने की तैयारी में थे और रात 11 बजे की ट्रेन पकड़नी थी। जैसे ही वाहन बघुआ गांव के पास पहुंचा, सामने से आ रही एक डिलीवरी पिकअप अनियंत्रित होकर बोलेरो से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में घायल सभी लोगों को एंबुलेंस से संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक वर्षीय आमिर हमजा को मृत घोषित कर दिया। अन्य सात घायलों में से पांच लोगों की हालत गंभीर देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान बोलेरो चालक सलाउद्दीन ने भी दम तोड़ दिया। जबकि, घायलों में आसमा खातून (20), सैफू पुत्र बैतुल्ला, सुलेमान (19) पुत्र अबूबकर, सायदा खातून (70) पत्नी हनीफ व सद्दाम शामिल हैं। इनमें से चार लोग मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। परिजनों के मुताबिक सभी लोग रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई जा रहे थे। अचानक हुए इस हादसे ने परिवारों के सपनों को चकनाचूर कर दिया। एसओ बखिरा सतीश कुमार सिंह ने बताया कि नवजात आमिर हमजा की मौत जिला अस्पताल में तथा चालक की मौत गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान हुई। चालक के शव का पोस्टमार्टम गोरखपुर में कराया जा रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। उधर, देर रात हुए इस हादसे ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बघुआ गांव के पास तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही आम है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। प्रशासन से सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम की मांग की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



