सड़क पार कर रही तीन वर्षीय मासूम को ट्रक ने कुचला, मौत
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर में मीरगंज गांव के पास एक तीन वर्षीय बच्ची सौम्या को सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। परिवार ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और देर शाम बच्ची को दफन कर दिया।

संतकबीरनगर, निज संवाददाता। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के मीरगंज गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को सड़क पार कर रही तीन वर्षीय मासूम को ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जानकारी जुटाई, हालांकि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।मीरगंज गांव निवासी सदानंद की तीन वर्षीय बेटी सौम्या बुधवार की दोपहर करीब 3.30 बजे घर के सामने खेल रही थी। इसी दौरान वह सड़क पार करने लगी। तभी तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खलीलाबाद ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां अनीता देवी और दादी जगवानी देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, जबकि पिता सदानंद सदमे में हैं। बताया जाता है कि सदानंद की दो बेटियां थीं। बड़ी बेटी सोनाक्षी है, जबकि सौम्या सबसे छोटी थी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया और शव को घर ले गए। परिजनों के अनुसार देर शाम बच्ची के शव को दफन कर दिया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


