संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत
संतकबीरनगर, निज संवाददाता। दुधारा थाना क्षेत्र के भरवलिया बाबू गांव में गुरुवार की रात

संतकबीरनगर, निज संवाददाता। दुधारा थाना क्षेत्र के भरवलिया बाबू गांव में गुरुवार की रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला की मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।
हत्या के आरोप
गोरखपुर जनपद के खजनी थाना क्षेत्र स्थित रामपुर मलौली गांव निवासी तूफानी मौर्य ने शुक्रवार को दुधारा पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री राधिका की शादी वर्ष 2017 में क्षेत्र के भरवलिया बाबू गांव निवासी भरतलाल पुत्र सीताराम के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ वर्षों बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर राधिका को प्रताड़ित करने लगे थे। पीड़ित पिता तूफानी मौर्य का आरोप है कि वर्ष 2020 से पति भरतलाल, देवर मोहन, सास मरजादी देवी और ससुर सीताराम लगातार सोने की अंगूठी, चेन और गाड़ी की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर विवाहिता को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि गुरुवार की शाम ससुराल पक्ष के लोगों ने राधिका को जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई।
परिवार की प्रतिक्रिया
घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे, जहां राधिका मृत अवस्था में मिली। विवाहिता की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि भरत लाल लोहरैया में कपड़े की एक दुकान पर काम करता था और उससे ही अपने परिवार का भरण पोषण करता था। दोनों से तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ी बेटी 8 वर्ष की रोशनी, 6 वर्षीय शिवांशी और सबसे छोटा बेटा शिवांश डेढ़ वर्ष का है। मृतका की मां उर्मिला देवी और मामी पुष्पा मौर्या ने भी ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट का आरोप लगाया है। मृतका के पिता ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, दुधारा एसओ अमित कुशवाहा का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
सवाल और जवाब
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


