अपराधों पर लगाम में मददगार बनेंगे चौकीदार, बढ़ेगी जिम्मेदारी

Feb 25, 2026 02:09 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, संतकबीरनगर
share

Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर जिले में चौकीदारों को अपराध नियंत्रण में सक्रिय किया जाएगा। रिक्त पदों पर चौकीदारों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई है। चौकीदारों को टार्च, साइकिल और लाठी प्रदान की जाएंगी। एसपी संदीप कुमार मीना ने चौकीदारों की भूमिका को बढ़ाने के लिए कई पहल की हैं, जिससे वे अपराधों की रोकथाम में मदद कर सकें।

अपराधों पर लगाम में मददगार बनेंगे चौकीदार, बढ़ेगी जिम्मेदारी

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में अपराध नियंत्रण में सूचना की प्रथम कड़ी कहे जाने वाले चौकीदार सक्रिय किए जाएंगे। अपराधों पर लगाम कसने में चौकीदार मददगार बनेगे, साथ ही इनकी जिम्मेदारी भी बढ़ेगी। रिक्त पदों पर चौकीदार के आश्रितों की नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। चौकीदारों में टार्च, साइकिल और लाठी वितरित किए जाने की तैयारी की गई है। संतकबीरनगर जिला वर्ष 1997 में अस्तित्व में आया। इसमें तीन तहसील के साथ-साथ 09 ब्लॉक और 09 थाने हैं। इसके अलावा 730 ग्राम पंचायतें हैं। वर्तमान में जिले की आबादी करीब 21 लाख है। जिले में चौकीदार के 543 पद सृजित हैं।

जिसमें 496 पुरुष और 20 महिला चौकीदार उपलब्ध हैं। जबकि 27 पद चौकीदार के रिक्त हैं। सुरक्षा के लिहाज से सूचना की प्रथम कड़ी माने जाने वाले चौकीदारों का पद सृजन ही ग्राम पंचायतों की संख्या से काफी कम है। उसमें भी 27 पद रिक्त चल रहे हैं। एसपी संदीप कुमार मीना ने अपराध नियंत्रण में चौकीदारों की भूमिका को बढ़ाने की दिशा में सार्थक पहल की है। ठंड में चोरी की घटनाओ को रोकने के लिए रात्रि में अलाव पर चर्चा मुहिम में चौकीदारों को शामिल किया। इससे बीट पुलिस अधिकारी के साथ सीओ, एसओ और चौकी इंचार्ज तक गांवों में अलाव पर चर्चा में पहुंचे तो वहां ग्रामीणों के बीच चौकीदार की मौजदूगी मिली। इसके साथ-साथ त्योहारों के अवसर पर थाने और चौकियों में आयोजित होने वाले पीस कमेटी की बैठकों में भी चौकीदारों की उपस्थिति अनिवार्य कर दी है। बीट पुलिस अधिकारियों को पुलिस कार्यालय बुलाकर उनके क्षेत्र के गांवों में नियुक्त चौकीदारों के नाम और उनके नंबर की पूछताछ की तो हकीकत पता चला। खुद एसपी थाने के वार्षिक निरीक्षण के दौरान चौकीदारों की बैठकें करके उन्हें दायित्व का बोध कराते हैं। एसपी के निर्देश पर सभी थानों के एसओ और हेड मोहर्रिर पुलिस कार्यालय पहुंचकर चौकीदारों का गांववार आंकड़ा प्रस्तुत कर रहे हैं, ताकि रिक्ति की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके और उसे भरे जाने की कवायद की जा सके। धनघटा के गौरापार उर्फ गोसिंपुर, दुधारा के दसावा, कंचनपुर, कम्हरिया, उजरौटी, बखिरा के मधुबन उर्फ बधवा और बेलहर के बेलहर कला में चौकीदार के रिक्त पद भरे जाने के लिए डीएम कार्यालय में नियुक्ति संबंधी पत्रावली भेज दी गई है। एसपी संदीप कुमार मीना ने कहा कि अपराध नियंत्रण में चौकीदारों की अहम भूमिका होती है। गांवों की छोटी-बड़ी सभी तरह की सूचनाएं चौकीदार के माध्यम से समय से थाने स्तर पहुंचे, इसके लिए पहल की गई है। चौकीदार के रिक्त पदों पर नियुक्ति कराने की पत्रावली डीएम ऑफिस भेजवाई जा रही है। बैठकों में चौकीदारों को कर्तव्य एवं दायितव का बोध कराया जा रहा है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।