Santkabir Nagar News: घटने लगा सरयू नदी का भी जलस्तर, राहत
Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर जिले में सरयू और राप्ती नदियों के जलस्तर में कमी आई है, जिससे तटवर्ती गांवों में राहत हुई है। सरयू नदी खतरे के निशान से 80 सेमी नीचे बह रही है। हालांकि, किसानों को फसलों के नुकसान की चिंता है, क्योंकि बाढ़ का पानी कुछ क्षेत्रों में स्थिर है।

Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले की दक्षिणी सीमा पर बह रही सरयू नदी के जलस्तर में भी कमी शुरू हो गई है। बीते 24 घंटे में 05 सेमी की कमी आई है। वहीं राप्ती नदी का जलस्तर घट रहा है। सरयू नदी खतरे के निशान से 80 सेमी नीचे बह रही है। दोनों नदियों का लस्तर घटने से तटवर्ती गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिली। लगातार हो रही गिरावट से बाढ़ का खतरा काफी हद तक टलता नजर आ रहा है। हालांकि प्रशासन ने अभी भी सतर्कता बनाए रखी है। बिड़हरघाट में सरयू नदी का जल स्तर शुक्रवार की सुबह 78.500 मीटर दर्ज किया गया था। शाम चार बजे बढ़कर 78.600 मीटर पर पहुंच गया। शनिवार की सुबह बढ़कर 78.650 मीटर हो गया। तब से यह स्थिर बनी थी। रविवार की सुबह नदी के जलस्तर में पांच सेमी की कमी आई है। जलस्तर में कमी शुरू होने से आस पास के ग्रामीणों को राहत हुई है。
राप्ती नदी का जल स्तर घट रहा है
दूसरी ओर राप्ती नदी लगातार घट रही है। सिंचाई विभाग के अनुसार नदी का जलस्तर बढ़या ठाठर में गुरुवार को 77.200 मीटर दर्ज किया गया था। इसके बाद शुक्रवार को यह घटकर 76.710 मीटर पर पहुंच गया और शनिवार को इसमें फिर 47 सेमी की कमी दर्ज करते हुए जलस्तर 76.240 मीटर रिकार्ड किया गया। रविवार की सुबह 19 सेमी की कमी दर्ज की गई। जल स्तर घटकर 76.050 पर पहुंच गया।
खतरे की स्थिति नहीं है
ड्रेनेज खंड के अधिकारियों का कहना है कि नदी अभी खतरे के निशान से काफी नीचे बह रही है, इसलिए फिलहाल बाढ़ जैसी स्थिति की आशंका नहीं है। अधिकारियों के अनुसार पिछले दिनों ऊपरी क्षेत्रों में हुई बारिश के कारण अचानक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया था, जिससे नदी किनारे बसे गांवों के लोगों की चिंता बढ़ गई थी। हालांकि पिछले तीन दिनों से लगातार जलस्तर में गिरावट दर्ज होने से स्थिति सामान्य होने लगी है।
एसडीएम का निर्देश
एसडीएम सुधीर कुमार ने बताया कि राप्ती नदी का जलस्तर लगातार घट रहा है और फिलहाल खतरे की स्थिति नहीं है। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर ड्रेनेज खंड के अधिकारियों को नियमित गश्त कर स्थिति का जायजा लेने तथा उसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
किसानों की चिंता
माझा क्षेत्र की फसलों पर संकट के बादल
पौली। सरयू के जलस्तर से महाबांध व नदी के बीच के माझा क्षेत्र की फसलों में कई दिनों से बाढ़ का पानी जाम देख किसानों कि चिंता बढ़ गई है। पड़रिया गांव के किसान दलसिंगार, राम आज्ञा, सीताराम ने बताया कि ज्वार, बाजरा, धान, मक्का, परवल, करेला, नेनुआ की खेती सरयू का जलस्तर बढ़ने से प्रभावित हुई है। कई दिनों से कुछ फसलों में पानी जमा रहने से फसल पीली हो जा रही है। इन्हीं फसलों के सहारे जीवन यापन करते हैं। फसल का नुकसान होने की आशंका है।

