Santkabir Nagar News: पैड़ी-हनुमानगंज मार्ग के गड्ढों व जाम से मुश्किलों से जूझ रहे लोग
Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के पैड़ी-हनुमानगंज मार्ग पर सफर करना लोगों के लिए
Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के पैड़ी-हनुमानगंज मार्ग पर सफर करना लोगों के लिए आसान नहीं रह गया है। प्रतिदिन किसी को समय से अस्पताल पहुंचना है तो किसी बच्चे को स्कूल। किसी को रोजी-रोटी के लिए बाजार जाना है तो किसी को जरूरी काम से दूसरे जनपद पहुंचना है। लेकिन जगह-जगह बने गड्ढे व टूट चुकी सड़क व पटरियां राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। संकरी सड़क पर दो वाहन आमने-सामने आ जाएं तो निकलने के लिए जगह तलाशनी पड़ती है। ऐसे में हर सफर परेशानी और दुर्घटना की आशंका के बीच पूरा होता है।
मार्ग की बदहाली से बढ़ी परेशानी
बीएमसीटी मार्ग पर स्थित पैड़ी से दानोंकुइयां तक करीब सात किलोमीटर लंबे मार्ग पर वर्ष 1982 में लेपन कार्य कराया गया था। उस समय यातायात का दबाव कम था, लेकिन अब वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ सड़क की चौड़ाई कम पड़ने लगी है। दानोंकुइयां से हनुमानगंज वाया रुधौली मार्ग पर आवागमन बढ़ने से समस्या और गंभीर हो गई है।
ग्रामीणों अंजर हुसैन, बजरंगी, इल्ताफ हुसैन, शाहिद हुसैन, राम दयाल, सर्वेश चौधरी ने बताया कि सड़क की बदहाली का असर केवल वाहन चालकों पर ही नहीं, बल्कि आसपास रहने वाले परिवारों पर भी पड़ रहा है। सड़क के गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। प्रमुख चौराहों पर कीचड़ युक्त जलभराव के कारण दुकानों तक पहुंचना भी कठिन हो जाता है। इससे स्थानीय दुकानदारों के कारोबार पर असर पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि वे कई वर्षों से सड़क के चौड़ीकरण की मांग कर रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि जिम्मेदार अधिकारी व जनप्रतिनिधि उनकी परेशानी समझेंगे व सड़क की मरम्मत के साथ चौड़ीकरण की दिशा में ठोस कदम उठाएंगे।
सड़क सुधार से जीवन होगा आसान
कायाकल्प से बदलेगी लोगों की जिंदगी
पैड़ी-हनुमानगंज मार्ग का कायाकल्प होने से क्षेत्र के हजारों लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी आसान हो सकती है। गड्ढों व टूटी पटरियों के कारण लोगों को रोज परेशानी झेलनी पड़ती है। सड़क चौड़ी व गड्ढामुक्त होने से समय की बचत होगी व दुर्घटनाओं का खतरा भी कम होगा। किसानों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और राहगीरों को राहत मिलेगी।
पैड़ी-हनुमानगंज मार्ग क्यों है उपेक्षा का शिकार
जनपद के अधिकांश प्रमुख मार्गों का कायाकल्प हो चुका है, लेकिन पैड़ी-हनुमानगंज मार्ग अब भी बदहाली का दंश झेल रहा है। सवाल उठता है कि आखिर इस महत्वपूर्ण मार्ग की सुध लेने वाला कोई क्यों नहीं है? अधिकारियों व कर्मचारियों से लेकर सांसद व विधायक तक का ध्यान इस ओर क्यों नहीं जा रहा है। बस्ती और सिद्धार्थनगर को जोड़ने वाले इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। इसके बावजूद चौड़ीकरण और मरम्मत की मांग वर्षों से लंबित है।
चौराहों और बाजार को मिल सकती है रफ्तार
चौराहों का बढ़ेगा विकास, कारोबार को मिलेगी रफ्तार
पैड़ी-हनुमानगंज मार्ग के प्रमुख चौराहों का विकास होने से स्थानीय बाजारों को भी फायदा मिल सकता है। सड़क की बदहाली, कीचड़ व जलभराव के कारण दुकानों तक पहुंचने में लोगों को परेशानी होती है। मार्ग का चौड़ीकरण और जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था होने से ग्राहक आसानी से बाजार पहुंच सकेंगे। इससे दुकानदारों के कारोबार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों का मानना है कि सड़क सुधरने से चौराहों पर सुविधाएं बढ़ेंगी और स्थानीय बाजारों की रौनक लौटेगी।
मरीजों और स्कूली बच्चों का सफर
मरीजों- स्कूली बच्चों का सफर होगा आसान
खस्ताहाल पैड़ी-हनुमानगंज मार्ग पर मरीजों व स्कूली बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। गड्ढों के कारण वाहनों की गति धीमी हो जाती है। कई बार रास्ते में जाम लग जाता है। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में देरी होने की आशंका रहती है। वहीं, बच्चों को स्कूल आने-जाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। सड़क की मरम्मत और चौड़ीकरण होने से सुरक्षित आवागमन में मदद मिलेगी तथा परिवारों की चिंता भी कम होगी


