Santkabir Nagar News: जिले की 27 पुलिस चौकियों को मिली खुद की जमीन,छत की बढ़ी उम्मीद

हिन्दुस्तान, संतकबीरनगर
share

Santkabir Nagar News: हिन्दुस्तान टीम, संतकबीरनगर। जिले की 27 पुलिस चौकियों के लिए खुद की जमीन

Santkabir Nagar News: जिले की 27 पुलिस चौकियों को मिली खुद की जमीन,छत की बढ़ी उम्मीद

Santkabir Nagar News: हिन्दुस्तान टीम, संतकबीरनगर। जिले की 27 पुलिस चौकियों के लिए खुद की जमीन मिल गई है। एसपी संदीप कुमार मीना की पहल पर पूर्व डीएम अलोक कुमार ने एसडीएम और तहसीलदार से 27 पुलिस चौकियों के लिए नि:शुल्क जमीन ढूंढवा कर खतौनी में दर्ज करवा दिया है। इससे अब पुलिस चौकियों की छत होने की उम्मीद बढ़ गई है। चौकियों के स्थायी कार्यालय भवन होने से कामकाज में सुविधा होगी।

पुलिस चौकियों के लिए जमीन आवंटित

जिले में महिला थाने को लेकर कुल 09 थाने संचालित हैं। जबकि शांति व्यवस्था के मद्देनजर 08 थानों के अंतर्गत 31 पुलिस चौकियां स्थापित हैं। जिसमें खलीलाबाद सर्किल के कोतवाली खलीलाबाद में 12 पुलिस चौकी और दुधारा थाने में 02 पुलिस चौकी है। जबकि मेंहदावल सर्किल के मेंहदावल थाने में 03 पुलिस चौकी, बखिरा थाने में 03 पुलिस चौकी, बेलहर कला और धर्मसिंहवा थाने में एक-एक पुलिस चौकी संचालित है। जबकि धनघटा सर्किल के धनघटा थाने में 05 पुलिस चौकी और महुली थाने में 05 पुलिस चौकी संचालित हो रही हैं। गौर करने की बात यह है कि वर्ष 1997 में बस्ती से अलग होकर संतकबीरनगर जिला अस्तित्व में आया था। तब से लेकर अब इन 28 वर्षो में इन पुलिस चौकियों को खुद की जमीन तक नसीब नहीं हो पाई थी। अधिकांश पुलिस चौकियां जैसे-तैसे संचालित की जा रही हैं। खुद की जमीन नहीं होने से भवन तक नसीब नहीं है। कई पुलिस चौकियों के भवन जर्जर हाल में पहुंच गए हैं। जिसकी वजह से पुलिस कर्मियों को भी खतरा बना रहता है। काम काज करने में दिक्कत तो होती ही है, साथ में उनके आवास की भी समस्या बनी हुई है। खुद की जमीन नहीं होने से कार्यालय भवन निर्माण में बाधा थी। मानक के अनुसार 218.42 वर्ग मीटर या फिर 500 वर्ग मीटर जमीन प्रत्येक पुलिस चौकी के लिए चाहिए। एसपी संदीप कुमार मीना ने इस दिशा में पहल की और पूर्व डीएम आलोक कुमार को पत्र लिखकर पुलिस चौकियों के लिए मानक के अनुरूप नि:शुल्क जमीन आवंटित कराने की मांग की। पूर्व डीएम आलोक कुमार ने कोतवाली, दुधारा, मेंहदावल, बखिरा, बेलहर और धर्मसिंहवा थाने की कुल 27 पुलिस चौकियों के लिए नि:शुल्क जमीन ढुंढ़वा कर खतौनी में नाम भी दर्ज करवा दिया। जबकि धनघटा सर्किल के धनघटा थाने की पुलिस चौकी बिड़हर घाट, पुलिस चौकी लोहरैया, पुलिस चौकी बसवारी गांव और महुली थाने की पुलिस चौकी हरिहरपुर और मुखलिसपुर को अभी तक जमीन नहीं मिल पाई है।

---------------------------------------

यार्ड और फायर स्टेशन के लिए जमीन की जरूरत

यार्ड और छह ब्लॉकों में फायर स्टेशन को चाहिए जमीन

सीओ मेंहदावल और सीओ खलीलाबाद के कार्यालय व आवास के लिए जमीन की तलाश करा दी गई है। जबकि धनघटा सीओ आवास व कार्यालय के लिए जमीन नहीं मिल पाई है। थानों पर पकड़े जाने वाले वाहनों को एक जगह रखने के लिए यार्ड नहीं है। यार्ड निर्माण के लिए नि:शुल्क 05 एकड़ जमीन की आवश्यकता है। इसी तरह हर ब्लॉक में फायर स्टेशन का निर्माण कराया जाना है। इसमें पौली, नाथनगर, बघौली, सेमरियावां, बेलहर और सांथा में फायर स्टेशन बनाया जाना है। प्रत्येक जगह फायर स्टेशन के लिए 4148 वर्ग मीटर नि:शुल्क जमीन की जरूरत है। पुलिस विभाग की वर्तमान और भविष्य की चुनौतियों के मद्देनजर 75 से 100 एकड़ लैंड बैंक तथा कैंपिंग साइट्स के लिए 05 एकड़ जमीन की जरूरत है। एसपी संदीप कुमार मीना ने इसके लिए भी डीएम से पत्राचार कर चुके हैं।

-------------------------------------------------

शेष चौकियों के लिए जमीन की तलाश

आठ थानों की 31 पुलिस चौकियों के लिए नि:शुल्क जमीन की मांग पूर्व डीएम से की गई थी। जिसमें से 27 पुलिस चौकियों के लिए जमीन मिल गई है। शेष 05 पुलिस चौकियों के लिए अभी जमीन नहीं मिल पाई है। इसके लिए वर्तमान डीएम से संपर्क कर नि:शुल्क जमीन ढुंढ़वाने की मांग की जाएगी।

संदीप कुमार मीना,

एसपी

-----------------------------

जमीन तलाशने के लिए निर्देश

जिन 05 पुलिस चौकियों के लिए अब तक जमीन नहीं मिल पाई है,उसके लिए एसडीएम और तहसीलदार को निर्देश दिए जाएंगे कि जल्द से जल्द तलाश कर अवगत कराएं। इसके अलावा यार्ड और जिन ब्लॉकों में फायर स्टेशन बनाने के लिए जमीन नहीं मिली है, उसके लिए तलाश कराई जाएगी।

अनुज मलिक

डीएम

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

✦संतकबीरनगर की कितनी पुलिस चौकियों के लिए जमीन मिली है?−
27 पुलिस चौकियों के लिए नि:शुल्क जमीन मिली है और उसे खतौनी में दर्ज कराया गया है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUP NewsसंतकबीरनगरSantkabir Nagar News: जिले की 27 पुलिस चौकियों को मिली खुद की जमीन,छत की बढ़ी उम्मीद