Santkabir Nagar News: थानों में डिजिटल वालंटियर ग्रुपों का उद्देश्य भूली पुलिस
Santkabir Nagar News: हिन्दुस्तान टीम, संतकबीरनगर। कभी पुलिस और जनता के बीच संवाद का मजबूत

Santkabir Nagar News: हिन्दुस्तान टीम, संतकबीरनगर। कभी पुलिस और जनता के बीच संवाद का मजबूत माध्यम माने जाने वाले डिजिटल वालंटियर व्हाट्सएप ग्रुप अब अपने उद्देश्य से भटकते नजर आ रहे हैं। वर्ष 2019 में तत्कालीन डीजीपी के निर्देश पर जिले के थानावार बनाए गए इन ग्रुपों का मकसद था कि अफवाहों पर लगाम लगाने और छोटी - बड़ी घटनाओं की तत्काल सूचना पुलिस तक पहुंचाने और लोगों को जागरूक करना था। लेकिन करीब सात साल बाद इनकी स्थिति बदल गई है। संतकबीरनगर जिले के थाना मेंहदावल, धर्मसिंहवा, बेलहर कला और बखिरा थानों के डिजिटल वालंटियर ग्रुपों में अब पुलिस से जुड़ी जरूरी सूचनाओं और जागरूकता संदेशों की जगह गुड मॉर्निंग, गुड नाइट और चुटकीले संदेश अधिक नजर आ रहे हैं। जिससे इन व्हाट्सएप ग्रुपों से लोगों का विश्वास खत्म हो गया है। वहीं ग्रुपों की निगरानी और सक्रिय संचालन की जिम्मेदारी संभालने वाले थानेदार भी इस व्यवस्था पर पहले जैसी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
ग्रुपों का उद्देश्य और मौजूदा स्थिति
सात साल पहले तत्कालीन डीजीपी के निर्देश पर संतकबीरनगर जनपद के हर थानों में डिजिटल वालंटियर ग्रुप तैयार किए गए थे। बाद में इस ग्रुप का नाम बदलकर पीएस थाना का नाम किया गया। वहीं चौकी क्षेत्र व हल्का बीट में भी व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया था। इनका मकसद पुलिस के लिए क्षेत्र में सूचना का एक ऐसा नेटवर्क तैयार करना था, जिसके माध्यम से किसी घटना की जानकारी थाने तक पहुंचने में समय न लगे। ग्रुप में सीओ और थाना प्रभारी को एडमिन बनाया गया था। साथ ही समाज के विभिन्न वर्गों के जिम्मेदार लोगों को वालंटियर के रूप में जोड़ा गया था। इनमें शिक्षक, पत्रकार, प्रधानाचार्य, सेवानिवृत्त सैनिक, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग, पूर्व व वर्तमान सभासद, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, छात्र नेता, आशा कर्मी, ग्राम सचिव, एएनएम, कोटेदार, चिकित्सक, अधिवक्ता, व्यापारी, पुजारी, मौलवी, विशेष पुलिस अधिकारी और होमगार्ड सहित विभिन्न वर्गों के लोग शामिल थे। ग्रुप बनाए जाने के पीछे पुलिस की मंशा थी कि क्षेत्र में होने वाली किसी घटना की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंच सके। आकस्मिक दुर्घटना, संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी के साथ ही अफवाह फैलने की स्थिति में वालंटियर पुलिस को सूचना दें और सही तथ्यों को लोगों तक पहुंचाकर अफवाह का खंडन करें। क्षेत्र के बाहर से आकर किराये के मकानों या रेस्टोरेंट में ठहरने वाले संदिग्ध लोगों की जानकारी देना भी वालंटियर की जिम्मेदारी में शामिल था। शुरुआत में इन ग्रुपों का इस्तेमाल भी इसी उद्देश्य के लिए हुआ। किसी घटना की जानकारी ग्रुप में पहुंचते ही पुलिस सक्रिय होती थी। इससे लोगों में भरोसा बढ़ा और वालंटियर भी क्षेत्र की गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने में रुचि लेने लगे। लेकिन धीरे-धीरे ग्रुपों की सक्रियता कम होती गई। अब स्थिति यह है कि पुलिस की ओर से न तो नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी साझा की जा रही है और न ही क्षेत्र में हुई कार्रवाई अथवा महत्वपूर्ण पुलिस सूचनाएं ग्रुप में डाली जा रही हैं। वहीं, ग्रुपों में अनावश्यक संदेशों की भरमार ने इसकी गंभीरता को भी प्रभावित किया है। कई लोगों का कहना है कि शुरुआत में किसी घटना की सूचना देने पर तत्काल कार्रवाई की उम्मीद रहती थी, लेकिन अब ग्रुप पर पुलिस की सक्रियता ही कम दिखाई देती है।
शुरुआती दौर में दिखी थी सक्रियता
-------------------
थानों में शुरुआत में बनाए गए वालंटियर ग्रुप में दिखी थी सक्रियता
थाना मेंहदावल, धर्मसिंहवां, बेलहर और बखिरा थाने में शुरुआती दौर में वालंटियर ग्रुप बनने के बाद पुलिस की सक्रियता भी नजर आ रही थी। किसी घटना की सूचना ग्रुप पर साझा होते ही संबंधित थाने की पुलिस उसका संज्ञान लेती थी। इससे वालंटियरों में भरोसा बना और लोगों को लगा कि पुलिस तक सूचना पहुंचाने के लिए यह तेज और प्रभावी माध्यम हुई थी। लेकिन धीरे-धीरे व्हाट्सएप के वालंटियर ग्रुप में मर्यादा खत्म होती गई।
------------------
ग्रुप सक्रिय रखने का भरोसा
थानावार बनाए गए डिजिटल वालंटियर व्हाट्सएप ग्रुप पुलिस और आमजन के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। पुलिस आए दिन लोगों को अपना मित्र बनाकर उनके साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास कर रही है। ग्रुपों को सक्रिय रखते हुए क्षेत्र की महत्वपूर्ण सूचनाएं, जागरूकता संदेश और पुलिस की गतिविधियां साझा की जानी चाहिए। यदि विभागीय ग्रुप में अनावश्यक संदेश आ रहे हैं तो उन्हें रोकने के लिए संबंधित थाना प्रभारी को निर्देशित किया जाएगा। ग्रुप पर मिलने वाली सूचनाओं का प्राथमिकता के आधार पर संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सर्वदवन सिंह, सीओ मेंहदावल

