Santkabir Nagar News: तीन तलाक देकर बेटी को 10 लाख में बेंच दिया
Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर, निज संवाददाता। ट्रिपल तलाक देकर विवाहिता को 10 लाख रुपये में बेचने और

Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर, निज संवाददाता। ट्रिपल तलाक देकर विवाहिता को 10 लाख रुपये में बेचने और दहेज उत्पीड़न के आरोपों में अदालत ने सख्त रुख अपनाया है। सिविल जज जूनियर डिवीजन, त्वरित न्यायालय द्वितीय निधि मिश्रा की अदालत ने पति समेत पांच आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने का आदेश थानाध्यक्ष धनघटा को दिया है।धनघटा थाना क्षेत्र के कटया निवासी सद्दाम हुसैन से साबरीन खातून का निकाह तीन दिसंबर 2020 को हुआ था। पीड़ित साबरीन के अनुसार, निकाह के समय उसके परिवार ने गृहस्थी का सामान और बुलेट मोटरसाइकिल दी थी। निकाह के बाद उसके तीन बच्चे हुए। आरोप है कि इसके बावजूद पति सद्दाम हुसैन, सास नसीमा खातून, ससुर निसार अहमद, देवर अली अहमद और ननद शमीमा खातून दहेज में पांच लाख रुपये की मांग करने लगे।
उसका आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पति ने एक साथ तीन तलाक दे दिया। साथ ही, उसकी दूसरी बेटी रिदा खातून को ननद शमीमा खातून के हाथों 10 लाख रुपये में बेच दिया। विरोध करने पर 14 सितंबर 2026 को उसे धक्का देकर घर से निकाल दिया गया। पीड़िता के मुताबिक, उसने धनघटा थाने में शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराने का प्रयास किया। सुनवाई नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक को रजिस्ट्री के जरिए भी प्रार्थना पत्र भेजा, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद साबरीन ने अधिवक्ता सत्य प्रकाश शुक्ला और गंगाधर द्विवेदी के माध्यम से अदालत में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने पति सद्दाम हुसैन समेत पांचों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने का आदेश थानाध्यक्ष धनघटा को दिया है।

