जिला अस्पताल परिसर में हर तरफ पसरी है गन्दगी, बीमारी का खतरा

Jan 11, 2026 01:22 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, संतकबीरनगर
share Share
Follow Us on

Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर के संयुक्त जिला चिकित्सालय में साफ-सफाई की बुरी स्थिति ने स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल परिसर में गंदगी और दुर्गंध के कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रशासन से तत्काल सफाई और नालियों की मरम्मत की मांग की है।

जिला अस्पताल परिसर में हर तरफ पसरी है गन्दगी, बीमारी का खतरा
संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में संयुक्त जिला चिकित्सालय की बदहाल साफ-सफाई व्यवस्था ने स्वास्थ्य सेवाओं पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल परिसर और उसके आसपास गंदगी का अंबार लगा है। जिससे इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दुर्गंध और फैली गंदगी को देखकर लोग तंज कसते हुए कह रहे हैं कि जब अस्पताल खुद बीमार हैं, तो दूसरों का इलाज कैसे होगा। जिला अस्पताल में प्रतिदिन सैकड़ों मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं, लेकिन मुख्य गेट से लेकर मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) कार्यालय के पीछे तक जगह-जगह टूटी नालियों में पानी भरा हुआ है। नालियों का गंदा पानी पसरा रहता है। अस्पताल पहुंचे मरीज के लोगों ने बताया कि मुख्य गेट से सीएमओ कार्यालय के पीछे तक जगह-जगह नाली व सीवर का पानी बहता रहता है। पेयजल पोस्ट के आस-पास गंदगी फैली हुई है, जिससे मरीजों को स्वच्छ पानी तक नहीं मिल पा रहा है। जन औषधि केंद्र के पास पाइपलाइन टूटने से लगातार पानी बह रहा है, जिससे कीचड़ और गंदगी बढ़ती जा रही है। इ

मरजेंसी वार्ड के पास अंडरग्राउंड नाली का ढक्कन टूट जाने से शौचलयों का आने वाला गंदा पानी आसपास फैलता है। इससे उठने वाली तेज दुर्गंध के कारण मरीजों को सांस लेने तक में दिक्कत हो रही है। कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे होने से अस्पताल का वातावरण और भी दूषित हो गया है। स्थानीय लोगों और मरीजों ने अस्पताल प्रशासन से मांग की है कि जिला अस्पताल परिसर में तत्काल साफ-सफाई कराई जाए। टूटी नालियों और पाइप लाइनों की मरम्मत हो तथा कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था की जाए।

जिला अस्पताल गेट के पास नाला बने तो मिले राहत

संयुक्त जिला चिकित्सालय के मुख्य गेट के पास जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से मरीजों और उनके तीमारदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य द्वार से लेकर अंदर तक गंदा पानी पसरा रहता है, जिससे आवागमन बाधित होने के साथ-साथ दुर्गंध और संक्रमण का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में लोगों का कहना है कि यदि अस्पताल गेट के पास बड़ा और पक्का नाला बना दिया जाए तो काफी हद तक राहत मिल सकती है। वर्तमान स्थिति यह है कि छोटा नाला और नाली है जो जगह-जगह टूट चुकी हैं। इसमें पानी का बहाव सही ढंग से नहीं हो पा रहा है। नतीजतन गंदा पानी जगह जगह फैल जाता है। बरसात के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। मरीजों को कीचड़ और बदबू के बीच से गुजरकर अस्पताल में प्रवेश करना पड़ता है, जिससे पहले से बीमार लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है। अस्पताल आने वाले मरीजों और स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य गेट के पास बड़ा नाला बनने से आसपास के क्षेत्र का गंदा पानी सीधे उसमें चला जाएगा और परिसर में जलभराव की समस्या समाप्त हो सकती है। इससे न सिर्फ साफ-सफाई में सुधार होगा, बल्कि मच्छरों के पनपने पर भी रोक लगेगी और जलजनित बीमारियों का खतरा कम होगा। लोगों ने प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि जिला अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए। मुख्य गेट के पास बड़े नाले के निर्माण के साथ-साथ नियमित सफाई और रख-रखाव की व्यवस्था की जाए। यह छोटा सा कदम जिला अस्पताल की बदहाल तस्वीर को काफी हद तक बदल सकता है।

मर्चरी हाउस के पास गन्दगी का अम्बार

संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर में स्थित मर्चरी हाउस के सामने गेट के आसपास गंदगी का अंबार लगा हुआ है। यह अस्पताल की बाउन्ड्री से सटा हुआ है। जिससे अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जहां एक ओर मर्चरी हाउस संवेदनशील और अति आवश्यक सेवा से जुड़ा स्थान है, वहीं उसके आसपास फैली गंदगी और दुर्गंध से मरीजों के परिजन और अस्पताल कर्मी भी परेशान नजर आ रहे हैं। मर्चरी हाउस के पास जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं।

फेंका जाता है मेडिकल वेस्ट

आसपास पड़े मेडिकल वेस्ट और अन्य कचरे के कारण संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी हुई है। खासकर पोस्टमार्टम के लिए आने वाले मृतकों के परिजनों को इस अव्यवस्था के बीच काफी मानसिक पीड़ा झेलनी पड़ती है। स्थानीय लोगों और अस्पताल आने-जाने वालों का कहना है कि मर्चरी हाउस के पास साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए, लेकिन यहां लंबे समय से लापरवाही बरती जा रही है। लोगों ने मांग की है कि मर्चरी हाउस के आसपास तत्काल साफ-सफाई कराई जाए, कूड़ा नियमित रूप से हटवाया जाए और नालियों की मरम्मत व सफाई सुनिश्चित की जाए।

मर्चरी हाऊस से सीएमओ गेट तक होती हैं दिक्कतें

संयुक्त जिला चिकित्सालय के मर्चरी हाउस से लेकर मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) कार्यालय के गेट तक के मार्ग पर जगह-जगह गंदा पानी, कीचड़ और टूटी नालियों के कारण न सिर्फ दिक्कतें हैं, बल्कि अस्पताल की छवि भी खराब हो रही है। मर्चरी हाउस से सीएमओ गेट तक का रास्ता प्रतिदिन सैकड़ों लोगों की आवाजाही का प्रमुख मार्ग है। पोस्टमार्टम के लिए आने वाले मृतकों के परिजन, मरीजों के तीमारदार, डॉक्टर और कर्मचारी इसी रास्ते से गुजरते हैं। बारिश के दिनों में यह मार्ग कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जबकि सामान्य दिनों में भी गड्ढों और गंदगी से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है।

मर्चरी हाऊस से सीएमओ गेट तक लगे इंटलरलॉकिंग तो हो दिखे नए लुक

संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर की बदहाल तस्वीर बदलने के लिए मर्चरी हाउस से लेकर मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) कार्यालय के गेट तक इंटरलॉकिंग ईंट लगाई जाए तो परिसर का नया लुक दिखे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस पूरे हिस्से में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई जाएं तो जलभराव की समस्या काफी हद तक समाप्त हो सकती है। इससे सफाई व्यवस्था भी आसान होगी और अस्पताल परिसर को एक व्यवस्थित व स्वच्छ रूप मिलेगा। साथ ही यह मार्ग मजबूत होने से लंबे समय तक मरम्मत की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग और नगर पालिका से मांग की है कि मर्चरी हाउस से सीएमओ गेट तक इंटरलॉकिंग लगाने की योजना जल्द से जल्द बनाई जाए। इससे परिसर को नया लुक मिलेगा और मरीजों व आमजन को बड़ी राहत मिलेगी।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. राम प्रवेश ने कहा कि अस्पताल की व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करने के लिए विभाग के पास जितने संसाधन हैं उससे काम किया जा रहा है। साफ सफाई पर ध्यान दिया जा रहा है। जहां पर मरम्मत की जरूरत है उसके लिए विभागीय इंजीनियर को निर्देश दिया गया है।

सीएमओ डॉ. रामानुज कनौजिया ने कहा कि अस्पताल को सुचारु रूप से संचालन के लिए जितनी व्यवस्थाएं होनी चाहिए उसका मुकम्मल इंतजाम किया जा रहा है। कुछ खामियां होगी तो उसे फौरी तौर पर दूर कर लिया जाएगा। सफाई में लापरवाह कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।