बजबजाती नालियां और गंदगी का अंबार बना शनिचरा बाजार की पहचान

Feb 25, 2026 01:45 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, संतकबीरनगर
share

Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर जिले के शनिचरा बाजार में गंदगी और जल निकासी की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। मुख्य मार्ग पर गंदा पानी बहने और नालियों में सफाई न होने से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। सरकारी योजनाओं की कमी के कारण स्थिति और बिगड़ रही है, जिससे ग्रामीणों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

बजबजाती नालियां और गंदगी का अंबार बना शनिचरा बाजार की पहचान
संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के विकास खण्ड पौली क्षेत्र के राम जानकी मार्ग के दोनों तरफ ग्राम पंचायत शनिचरा बाजार स्थित है। यहां पर दूर दराज से दर्जनों गांव के लोग प्रतिदिन बाजार करने के लिए आते-जाते रहते हैं। गांव में जाने वाले लिंक मार्गों एवं मुख्य मार्ग के किनारे गंदगी का अंबार बाजार की पहचान बनी है। यहां पर गांव में आने-जाने वाले सभी मार्गों पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। गांव के मुख्य मार्ग के किनारे बह गंदा पानी और गंदगी का अंबार होने के कारण लोगों का आना-जाना दूभर हो गया है। जल जीवन मिशन द्वारा जगह-जगह रास्ते को तोड़ दिया गया है जिससे आने-जाने में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

बाजार में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण अधिकांश लोगों के घरों का पानी सड़क के किनारे दोनों तरफ नालियों में एकत्र होता है। नालियों में गंदा पानी जमा होने से बदबू फैल रही है। गांव में कुछ जगह दोनों तरफ नालियां बनी हुई हैं, परंतु साफ-सफाई के अभाव में गंदे पानी से नालियां बजबजा रही हैं। गांव की बस्तियों में नालियों की सफाई काफी दिनों से नहीं हुई है। गांव में गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इन सबका खामियाजा शनिचरा बाजार के ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।

राम जानकी मार्ग पर सड़क के दोनों तरफ बसी यह ग्राम सभा काफी प्रसिद्ध है। जहां से क्षेत्र के तमाम विद्यालयों में पढ़ने के लिए बच्चे आते-जाते रहते हैं। क्षेत्र का मुख्य मार्ग होने के कारण यहां पर काफी संख्या में लोग धनघटा, पौली, महुली जैसे बाजारों में खरीदारी के लिए भी आते रहते हैं। जगह-जगह सड़कों पर गंदगी और मुख्य मार्ग के किनारे लगा गंदगी का अंबार लगे होने के कारण आने-जाने में लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सही मायने में देखा जाए तो यह गांव उपेक्षा का शिकार होता जा रहा है। बाजार के उत्तर दिशा में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चारों तरफ लगी झाड़ियां और गंदगी के अंबार के चलते लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव के चारों तरफ सड़कें तो बनी हैं, लेकिन संपर्क मार्ग बेहद खराब हैं, जिससे होकर राहगीरों व ग्रामीणों को गुजरना पड़ता है।

पाइप लाइन बिछाने के लिए तोड़ दी गई हैं सड़कें

ग्राम सभा में पेयजल मिशन के तहत घर घर जल योजना प्रस्तावित है। गांव की अधिकांश सड़कें पर जल जीवन मिशन द्वारा पाइप लाइन बिछाने के लिए तोड़ी गई थीं, जो अभी भी गड्ढों में तब्दील हैं। पेयजल की आपूर्ति नहीं हो रही है। पीने के पानी के लिए लगे इंडिया मार्का हैंडपंप खराब पड़े हैं। मजबूरी में लोग देशी हैंडपंप के पानी का प्रयोग कर रहे हैं।

कूड़े से भरी हैं नालियां

कुछ जगहों पर सड़क के किनारे पानी निकासी के लिए नालियां बनाई गई हैं, जो गंदगी से भरी होने के कारण उफनाती हैं। गंदा पानी सड़क पर बहने लगता है। वहीं दूसरी ओर नालियों की सफाई न होने से गंदगी और बजबजाहट के कारण हमेशा बदबू फैलती रहती है। गंदगी के चलते मच्छर भी पनप रहे हैं, जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा बना रहता है। गांव में सफाई कर्मी तैनात हैं, लेकिन वे भी कभी-कभार ही आते हैं। इससे हर तरफ गंदगी पसरी हुई है। गांव की हालत देखकर लगता ही नहीं कि यहां सरकार द्वारा चलाई जा रही महत्वाकांक्षी योजना ‘दस्तक अभियान’ कभी चली हो।

बेमतलब साबित हो रहा सामुदायिक शौचालय

सरकार की महत्वाकांक्षी स्वच्छता योजना के तहत ग्राम पंचायत शनिचरा बाजार में सामुदायिक शौचालय का निर्माण तो किया गया, लेकिन भवन चंद दिनों में ही जर्जर हो गया। आज तक इसका सही ढंग से संचालन शुरू नहीं हो सका है। शौचालय के लिए केयरटेकर की नियुक्ति भी की गई है, लेकिन समय से मानदेय न मिलने के चलते कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि शौचालय चालू न होने से उन्हें योजना का कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे सरकार की स्वच्छता पहल पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जन सूचना केंद्र रजनौली में नदारद, योजना बनी औपचारिकता

शनिचरा बाजार ग्राम पंचायत में ग्रामीणों की सुविधा के लिए बनाया गया जन सूचना केंद्र अपने उद्देश्य से भटकता नजर आ रहा है। पंचायत सहायक की नियुक्ति के बावजूद यह केंद्र केवल नाम मात्र का रह गया है। केंद्र गांव की मुख्य आबादी से दूर स्थित होने के कारण वहां रखे गए लैपटॉप, कंप्यूटर और इनवर्टर जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं सुरक्षित नहीं रह पा रही हैं। सुरक्षा और रखरखाव के अभाव में केंद्र अधिकांश समय बंद पड़ा रहता है। जन सूचना केंद्र बंद रहने से ग्रामीणों को आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र समेत अन्य आवश्यक कार्यों के लिए तहसील और ब्लॉक कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि केंद्र नियमित रूप से संचालित हो, तो उन्हें काफी राहत मिल सकती है। स्थिति को देखते हुए योजना की उपयोगिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

कूड़ा घर योजना रही विफल, गांव में फैल रहा गंदगी का अंबार

स्वच्छ भारत अभियान के तहत बाजार व ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा घर निर्माण की योजना धरातल पर उतरती नजर नहीं आ रही है। कूड़ा घर न बनने से गांवों से निकलने वाला कचरा इधर-उधर फेंका जा रहा है, जिससे स्वच्छता अभियान का उद्देश्य अधूरा रह गया है। योजना के अनुसार गांवों से निकलने वाले कचरे को एकत्र कर वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाना था, लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते न तो कचरा संग्रह की व्यवस्था हो पाई है और न ही नियमित सफाई कराई जा रही है। परिणामस्वरूप गलियों, सड़कों और खाली पड़ी जमीनों पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कूड़ा घर न होने से बाजार क्षेत्र में बदबू फैल रही है और मच्छर-मक्खियों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।

ग्राम प्रधान पवन कसौधन ने कहा कि गांव की समस्याओं के समाधान के लिए पंचायत स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिनमें नाली, सड़क, साफ-सफाई और पेयजल से संबंधित कार्य शामिल हैं। सफाई कर्मी नियमित रूप से तैनात हैं और निर्धारित रोस्टर के अनुसार सफाई कराई जाती है, लेकिन आबादी अधिक होने और कार्य क्षेत्र बड़ा होने के कारण कभी-कभी पूरी तरह सफाई एक साथ संभव नहीं है।

विधायक गणेश चंद्र चौहान ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। जहां भी शिकायतें अधिक मिल रही हैं, वहां संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्य कराए जा रहे हैं। शनिचरा बाजार से जुड़ी सभी समस्याओं का भी शीघ्र निस्तारण किया जाएगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।