साढ़े चार करोड़ से संवरेंगी औद्योगिक क्षेत्र की सात सड़कें
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर के औद्योगिक क्षेत्र खलीलाबाद की सड़कों के निर्माण के लिए 4.47 करोड़ का बजट स्वीकृत हुआ है। यूपीआईए की मांग पर डीएम आलोक कुमार की पहल से सात सड़कों का पुनर्निर्माण होगा। इससे उद्यमियों को सहूलियत मिलेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के औद्योगिक क्षेत्र खलीलाबाद की बदहाल सड़कों के संवरने का वक्त आ गया है। यूपीआईए की मांग पर डीएम की पहल रंग लाई और यूपीसीडा मुख्यालय ने सात सड़कों के निर्माण के लिए साढ़े चार करोड़ का बजट स्वीकृत किया है। अवस्थापना सुविधाएं बढ़ने से जहां निवेश के लिए उद्यमी प्रोत्साहित होंगे, वहीं रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे। जनपद की आर्थिक रीढ़ कहा जाने वाला वाला इंडस्ट्रियल एरिया वर्ष 1973-74 में लखनऊ-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे 231.34 एकड़ में स्थापित हुआ था। जिसमें 353 भूखंडों का आवंटन हुआ है। औद्योगिक क्षेत्र खलीलाबाद में केमिकल, कपड़ा, धागा, फ्लोर मिल, पशु आहार, बिस्किट, बेकरी, ग्रोसरी, एवं लकड़ी सहित अनेक प्रकार के उद्यम लगे हुए है।

करीब ढाई सौ इकाइयां यहां कार्यरत है। इनमें 5000 से अधिक लोगों को रोजगार मिला हुआ है। औद्योगिक क्षेत्र की सड़कें काफी दिनों से जर्जर अवस्था में है। जिसको लेकर उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने जिले से लगायत प्रदेश स्तर तक प्रत्येक फोरमों पर इसकी दुर्दशा को ठीक करने का गुहार लगाया था। डीएम आलोक कुमार ने यूपीआईए के मांग पत्र पर प्रस्ताव तैयार करवा कर यूपीसीडा निमार्ण खंड-छह अयोध्या के माध्यम से कानपुर मुख्यालय को भेजवाया। जिसका परिणाम है कि औद्योगिक क्षेत्र की सात सड़कों के पुनर्निर्माण की स्वीकृति मिल गई है। इसके लिए चार करोड़ सैतालिस लाख, चार हजार रुपये का बजट जारी किया गया है। इससे करीब पांच किलोमीटर सड़क की दशा सुधरेगी। टेंडर की प्रक्रिया की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके उपरांत सड़कों का निर्माण कार्य शुरु हो जाएगा। दो साल पहले बढ़ी थी अवस्थापना सुविधाएं औद्योगिक क्षेत्र की जर्जर सड़कों की वजह से बड़े माल वाहनों के आवागमन में विशेष कर दिक्कते होती थीं। खासकर बारिश के मौसम में सड़कों पर बने गड्ढों में पानी भर जाता था। यूपीआईए ने लगातार इसके लिए पहल किया। दो वर्ष पूर्व करीब छह करोड़ का बजट मिला था। जिससे छह सड़कों, भव्य प्रवेश द्वार एवं सार्वजनिक शौचालय का निर्माण हुआ था। इसके साथ ही रोड लाइटें, हाईमास्ट, कैमरे, साफ-सफाई, घर-घर कूडा उठाने की व्यवस्था कराई जा चुकी है। डीएम आलोक कुमार ने कहा कि यूपीआईए की मांग पर इंडस्ट्रियल एरिया की सात सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए प्रस्ताव भेजवाया गया था। जिसे मंजूरी देते हुए यूपीसीडा ने 4.47 करोड़ का बजट जारी किया है। गुणवत्तापूर्ण सड़कें बनेगी। जिससे उद्यमियों को काफी सहूलियत होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




