ट्रांसफॉर्मर जलने से 250 घरों में दो दिन से अंधेरा
संतकबीरनगर जिले के महुली फीडर का 250 केवीए ट्रांसफार्मर जल गया है, जिससे 250 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। लोग भीषण गर्मी के बीच 48 घंटे से बिजली संकट का सामना कर रहे हैं। विभागीय अधिकारी आपूर्ति बहाल करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन ट्रांसफार्मर की खराबी के कारण समस्या जारी है।
संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में विद्युत उपकेंद्र मुखलिसपुर से संचालित महुली फीडर के दक्षिण तिराहे पर स्थापित 250 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया है। जिससे लगभग 250 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। ट्रांसफार्मर जलने के बाद पूरे इलाके में 48 घंटे से बिजली गायब है। लोग भीषण गर्मी व उमस के बीच बिजली संकट झेलने को मजबूर हो हो रहे हैं। रात में समय काटना मुश्किल हो रहा है।दक्षिण तिराहे पर स्थापित 250 केवीए का ट्रांसफार्मर गुरुवार की सुबह जल गया। लोगों ने समझा कि अभी कुछ देर बाद ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल हो जाएगी। लेकिन ट्रांसफार्मर न बदले जाने से गुरुवार की रात उपभोक्ताओं पर भारी पड़ी।
पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण बंद रहने से लोगों को पूरी रात जागकर गुजारनी पड़ रही है। गर्मी से परेशान बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित रहीं। कई लोग घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों पर घूम घूम कर रात बिताने को विवश हुए। उपभोक्ताओं के अनुसार सूचना मिलने के बाद विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा आपूर्ति बहाल करने के प्रयास शुरू किए। अवर अभियंता, अधिशासी अभियंता सहित विद्युत विभाग की टीम देर रात तक मरम्मत कार्य में जुटी रही। लेकिन ट्रांसफार्मर में आई खराबी के कारण बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा सका। इसके चलते लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। सुबह के समय लोगों के घरों की टंकियां खाली हो गईं। दैनिक क्रियाओं से निपटने के लिए समस्या हो गई। लोगों को हैंडपंप का सहारा लेना पड़ा। जिनके पास इंवर्टर था उनका इंवर्टर जवाब दे गया। मोबाइल फोन डिस्चार्ज हो गए। बिजली न आने से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उपभोक्ताओं ने विभाग से जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदलकर आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी के बीच लंबे समय तक बिजली कटौती लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन रही है। उधर बंदरहिया गांव की ओर भी मामूली खराबी के चलते गुरुवार को घंटों आपूर्ति ठप रही। बाद में आपूर्ति बहाल हो पाई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


