
बीट प्रणाली को सुदृढ़ कर अपराधों पर कसी जाएगी लगाम
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में अपराधों की रोकथाम में पुलिस की पुरजोर कोशिश
संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में अपराधों की रोकथाम में पुलिस की पुरजोर कोशिश चल रही है। बीट पुलिसिंग को प्रभावी बनाने की दिशा में सार्थक पहल हुई है। सूचनातंत्र की मजबूती के लिए पुरानी पुलिसिंग की ओर पुलिस लौट रही है। बीट क्षेत्र में अपराध घटित होने पर बीट कर्मियों की जवाबदेही पहले ही तय की जाएगी। एडीजी कानून व्यवस्था अमिताभ यश के निर्देश पर 04 नवंबर से प्रदेश के सभी जिलों में बीट व्यवस्था को सुदृढ़ किए जाने के लिए एक माह का विशेष अभियान छेड़ा गया है। संतकबीरनगर जिले में तीन सर्किल, नौ थाने और 31 पुलिस चौकियां हैं।

जिसमें धनघटा सर्किल में धनघटा और महुली थाना है। जबकि खलीलाबाद सर्किल में कोतवाली खलीलाबाद, दुधारा और महिला थाना है। मेंहदावल सर्किल में मेंहदावल, बखिरा, बेलहर और धर्मसिंहवा थाना है। इसमें धर्मसिंहवा थाने को छोड़ कर कोई ऐसा थाना नहीं है, जहां पर करीब 250 से 300 गांव शामिल न हों। इसमें धनघटा ऐसा थाना है, जिसमें 326 गांव शामिल हैं और करीब 27 से 30 किलोमीटर के दायरे में फैला हुआ है। बीट पुलिस प्रबंधन को मजबूत कर अपराधों की रोकथाम की दिशा में पुलिस ने कदम बढ़ाया है। बीट पुलिस अधिकारियों के जरिए बीट पुस्तिका में सूचनाएं अद्यतन हो रही हैं, अथवा नहीं, यह जानकारी चेकिंग से होगी। इसमें गांवों में जमीन संबंधी विवाद से लेकर प्रेम-प्रसंग, हिस्ट्रीशीटर, बदमाशों, पुलिस मित्रों, कोटेदार के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं अंकित करनी होती हैं। इससे क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों, असामाजिक तत्वों, वांछित/वारंटी अभियुक्तों पर निरंतर निगरानी रखी जा सकेगी। इसके साथ ही जनता से सतत संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जा सकेगा। एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि बीट प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए एक महीने का अभियान चलाया गया है। इसमें प्रत्येक दिन अलग-अलग थानों के 5-5 पुलिस कर्मियों को बीट पुस्तिका के साथ पुलिस कार्यालय बुलाया जा रहा है। जिसमें 05 पुलिस कर्मियों को खुद एसपी और उतने ही संख्या में पुलिस कर्मियों का एएसपी बीट पुस्तिका चेक कर रहे हैं। जबकि सीओ और थाना प्रभारियों को भी बीट पुस्तिका की नियमित चेकिंग कर अद्यतन कराए जाने का निर्देश दिया गया है। बीट प्रणाली के बेहतर प्रबंधन से अपराधों पर अकुंश लगाने में मदद मिलेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




