Santkabir Nagar News: एक सप्ताह बाद भी सफाई कर्मी संघ अध्यक्ष के हमलावर तक नहीं पहुंची पुलिस
Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर जिले में बघौली विकास खंड के सफाई कर्मी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष पर हुए हमले के एक सप्ताह बाद भी पुलिस हमलावरों को पहचान नहीं सकी है। अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बावजूद गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे पीड़ित परिवार में नाराजगी है।

Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के बघौली विकास खंड के पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष पर हुए हमले के मामले में एक सप्ताह बाद भी पुलिस हमलावरों का सुराग नहीं लगा सकी है। अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जाने के बावजूद अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे पुलिस की जांच की रफ्तार पर सवाल उठने लगे हैं।बघौली सफाई कर्मी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष विनोद कुमार ने पुलिस को दी तहरीर मे लिखा है कि 3 सितंबर की रात अपने साथी के साथ घर लौट रहे थे।
बनकटिया पचपोखरी मोड़ के पास पहुंचते ही कुछ अज्ञात लोगों ने रास्ता रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडे, धारदार हथियार और असलहे से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बचने के लिए पीड़ित ने बाइक दौड़ाकर किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना की सूचना डायल-112 को भी दी गई। मामले में 7 सितंबर को कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने 8-10अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, लेकिन अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। घटना को एक सप्ताह बीतने के बाद भी गिरफ्तारी न होने से पीड़ित और उसके परिजनों में नाराजगी है। फुटेज खंगाली, फिर भी हाथ खाली हमले के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को जांच का अहम आधार बनाया, लेकिन कई दिन बीतने के बाद भी जांच किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंची। वहीं पुलिस का दावा है कि जांच चल रही है्, जांच पूरी होने पर मामले से पर्दा उठ जाएगा I


