Hindi NewsUttar-pradesh NewsSantkabir-nagar NewsPolice Investigates Shocking Use of Fake Currency in Gambling During Diwali in Sant Kabir Nagar
एसपी की तीन टीमें करेगी नकली नोट प्रकरण की जांच

एसपी की तीन टीमें करेगी नकली नोट प्रकरण की जांच

संक्षेप:

Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर में दीपावली की रात मेहदावल कस्बे में जुए के दौरान नकली नोटों का उपयोग हुआ। हारने वाले युवक ने नकली नोट दांव पर लगाए, जिसके बाद असली होने का भ्रम टूट गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन टीमें गठित की हैं और जांच शुरू कर दी है।

Nov 07, 2025 11:50 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, संतकबीरनगर
share Share
Follow Us on

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में दीपावली की रात मेंहदावल कस्बे में जुए के दौरान नकली नोटों के इस्तेमाल का सनसनीखेज मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमा हरकत में आ गया है। एसपी संदीप कुमार मीना ने समाचार पत्रों में प्रकाशित खबर को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच के लिए तीन टीमें गठित की हैं। इसमें थाने की पुलिस के अलावा एसओजी टीम और इंटेलिजेंस विंग भी शामिल है। दीपावली की रात मेंहदावल कस्बे के एक स्थान पर कुछ युवक जुआ खेल रहे थे। खेल के दौरान एक युवक हार गया और उसने नकली नोट दांव पर लगा दिए।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

जुआ जीतने वाले जब उन नोटों को बाजार में खर्च करने पहुंचे, तो खुलासा हुआ कि नोट फर्जी हैं। मामले की जानकारी फैलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि जीतने वाला युवक गुस्से में हारने वाले के घर पहुंच गया और हंगामा किया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह मामले को शांत कराया। इस बीच हारने वाला युवक मौके से फरार हो गया। सूत्रों के मुताबिक, कस्बे की एक पान दुकान और किराना दुकान तक भी नकली नोट पहुंचने की बात सामने आई है। चर्चा है कि जुए में हारने वाला युवक नकली नोटों की खेप महाराष्ट्र से लेकर आया था, जिनमें 500 रुपये और 100 रुपये के नोट शामिल थे। इन नोटों पर भारतीय रिजर्व बैंक की लिखावट भी दर्ज थी, जिससे वे असली जैसे प्रतीत हो रहे थे। एसपी संदीप कुमार मीना ने कहा कि अभी तक कोई शिकायत पुलिस तक नहीं पहुंची है, लेकिन समाचार पत्रों में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए जांच के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। सीओ मेंहदावल के नेतृत्व में एसओजी, स्थानीय पुलिस और इंटेलिजेंस विंग को मामले की गहन जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के बाद जैसी स्थिति होगी, वैसी कार्रवाई आगे की जाएगी।