Santkabir Nagar News: सोशल मीडिया पर भड़काऊ संदेश से माहौल बिगाड़ने की कोशिश, अज्ञात लोगों पर केस दर्ज
Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर जिले के बखिरा कस्बे में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बवाल के बाद सोशल मीडिया पर भड़काऊ संदेश फैलाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इसे लेकर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। संदेश में सांसद लक्ष्मीकांत निषाद पर हमले का जिक्र करते हुए नफरत फैलाने का आरोप लगाया गया है।

Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के बखिरा कस्बे में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान हुए बवाल को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित एक संदेश से माहौल बिगाड़ने की कोशिश का मामला सामने आया है। संदेश में सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद पर हमले की घटना का उल्लेख करते हुए भाजपा और कथित सामंतवादी ताकतों पर पीडीए के लोगों से नफरत करने का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने जातियों और समुदायों के बीच शत्रुता व घृणा फैलाने के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बखिरा चौकी इंचार्ज शैलेंद्र कुमार सिंह ने तहरीर में बताया कि वे हेड कांस्टेबल अनिल कुमार सिंह और कांस्टेबल अनुज सिंह के साथ कस्बे में भ्रमण और निगरानी कर रहे थे।
इसी दौरान जानकारी मिली कि सोशल मीडिया पर प्रसारित एक संदेश को लेकर एक समुदाय के लोगों में नाराजगी है। संदेश में संतकबीरनगर के सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद पर गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए हमले का जिक्र किया गया था। साथ ही घटना को लेकर भाजपा और कथित सामंतवादी ताकतों पर पीडीए के लोगों से नफरत करने का आरोप लगाया गया था।पुलिस के अनुसार संदेश के जरिए जातियों और समुदायों के बीच शत्रुता, घृणा और वैमनस्यता की भावना पैदा करने का प्रयास किया गया। एसओ दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि चौकी इंचार्ज की तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भड़काऊ बयान प्रसारित करने और विभिन्न समुदायों के बीच शत्रुता या घृणा पैदा करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।


