संतकबीरनगर में पुलिस मुठभेड़ में दो गो-तस्करों के पैर में लगी गोली, दबोचे गए
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर के दुधारा थाना क्षेत्र में एक मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने दो गो-तस्करों को गिरफ्तार किया, जिनके बाएं पैर में गोली लगी है। दोनों के पास 100 किलोग्राम गोमांस, अवैध हथियार और अन्य सामान बरामद हुआ। तीन अन्य गो-तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र के रक्शाकला गांव गुरुवार की भोर में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने प्रतिबंधित मांस काट रहे दो गो-तस्करों को गिरफ्तार किया। दोनों के बाएं पैर में गोली लगी है। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। मुठभेड़ के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर तीन गो-तस्कर फरार हो गए। दो तमंचा ,कारतूस,100 किलोग्राम गोमांस व तराजू,बाट आदि बरामद हुआ है। एसपी संदीप कुमार मीना ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। दुधारा पुलिस को बीती देर रात थाना दुधारा अंतर्गत ग्राम रक्साकला गांव के पास बगीचे में कुछ लोगों के प्रतिबंधित मांस को काटने की सूचना मिली।
भोर में 4:30 बजे पुलिस के मौके पर पहुंचने पर उन लोगों पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस के जवाबी फायरिंग में इकलाख (50) पुत्र झिनक निवासी कथकपुरवा थाना रुदौली जनपद बस्ती व अलाउद्दीन (28) उर्फ कोईल पुत्र वकील निवासी रक्साकला थाना दुधारा जनपद संतकबीरनगर को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया, दोनों के बाएं पैर में गोली लगी है। अभियुक्त को सेमरियावां अस्पताल ले गया। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां उनका इलाज चल रहा है। दोनों के पास एक-एक .315 बोर का अवैध तमंचा, एक-एक जिंदा कारतूस, एक-एक खोखा, एक-एक नाजायज चाकू बरामद हुआ है। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 100 किलो प्रतिबंधित मांस, मांस को रख कर काटने वाला ठेहा, 02 दांव, तराजू बाट और रस्सी बरामद हुआ है। मुठभेड़ के दौरान तीन गो-तस्कर रात के अधेरे का लाभ उठाकर भाग गए। एसपी संदीप कुमार मीना ने जिला अस्पताल पहुंच जानकारी ली। साथ ही बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दिया है जिनकी गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




