Santkabir Nagar News: अपराध नियंत्रण में लापरवाही नहीं, 60-90 दिन में निस्तारित करें विवेचना : एसपी
Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर में एसपी संदीप कुमार मीना ने पुलिस लाइंस में सैनिक सम्मेलन और मासिक अपराध गोष्ठी की। उन्होंने अपराध नियंत्रण एवं विवेचनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 49 पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए कॉप ऑफ द मंथ सम्मानित किया गया।

Santkabir Nagar News: संतकबीरनगर, निज संवाददाता। एसपी संदीप कुमार मीना ने शनिवार को पुलिस लाइंस में सैनिक सम्मेलन और मासिक अपराध गोष्ठी की। उन्होंने अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, ऑपरेशन कन्विक्शन और साइबर अपराध की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सैनिक सम्मेलन में एसपी ने पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया।
अपराध गोष्ठी
एसपी ने कहा कि आमजन से संवेदनशील, शालीन और सकारात्मक व्यवहार पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी पुलिसकर्मी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन से कर्तव्य का निर्वहन करें। अपराध गोष्ठी में एसपी ने हत्या, लूट, डकैती, चोरी, नकबजनी, वाहन चोरी, महिला अपराध और साइबर अपराध की समीक्षा की। उन्होंने वांछित, फरार और वारंटी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी और कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। सभी विवेचकों को लंबित विवेचनाओं का 60 और 90 दिन के भीतर समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने को कहा। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत हत्या, दुष्कर्म, पॉक्सो और लूट जैसे गंभीर मामलों में प्रभावी पैरवी कर अधिक से अधिक सजा दिलाने के निर्देश दिए। मिशन शक्ति, महिला सुरक्षा, जनशिकायत निस्तारण और आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए। गोष्ठी में एएसपी सुशील कुमार सिंह समेत सभी सीओ, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी, संयुक्त निदेशक अभियोजन, जिला कमांडेंट होमगार्ड, आबकारी, वन विभाग, प्रोबेशन, एआरटीओ, खनन, ईओ नगर पालिका सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कॉप ऑफ द मंथ
49 पुलिसकर्मी बने कॉप ऑफ द मंथ एसपी ने उत्कृष्ट कार्य के लिए 49 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को कॉप ऑफ द मंथ चुनकर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया । सम्मानित होने वालों में कोतवाल जयप्रकाश दूबे, महुली थानाध्यक्ष दुर्गेश पांडेय, एंटी थेफ्ट सेल प्रभारी अभिमन्यु सिंह सहित वीआईपी सेल, रेडियो, मॉनिटरिंग सेल, साइबर क्राइम, सर्विलांस, एसओजी, आईटी सेल, सोशल मीडिया सेल और महिला थाना के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।


